गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 19 अगस्त। कलेक्टर के निर्देश तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूएस नवरत्न और जिला कार्यक्रम प्रबंधक के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड मैनपुर में ‘एनीमिया मुक्त मैनपुर’ अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत 10 से 19 वर्ष की किशोरियों में एनीमिया की पहचान, रोकथाम और उपचार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। एक जुलाई से 31 जुलाई तक एनिमिया जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके बाद 5 अगस्त से विशेष अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान अब तक 4,011 किशोरियों की हीमोग्लोबिन जांच की जा चुकी है। जांच में 11 ग्राम एवं उससे अधिक हीमोग्लोबिन स्तर वाली 839, 9 से 11 ग्राम वाली 2,488, 7 से 9 ग्राम वाली 646 तथा 7 ग्राम से कम हीमोग्लोबिन वाली 21 किशोरियां पाई गईं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी किशोरियों को एनीमिया से बचाव, आयरन-फोलिक एसिड के नियमित सेवन, आयरन युक्त एवं संतुलित आहार तथा स्वास्थ्य और स्वच्छता के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है। गंभीर मामलों का जिला अस्पताल में उपचार एनीमिया से पीडि़त किशोरियों के उपचार की व्यवस्था भी की गई है। हल्के एवं मध्यम स्तर के एनीमिया का उपचार सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में आयरन सुक्रोज इंजेक्शन के माध्यम से किया जा रहा है। वहीं गंभीर एवं अति गंभीर एनीमिया से पीडि़त किशोरियों को जिला अस्पताल रेफर कर ब्लड ट्रांसफ्यूजन के माध्यम से उपचार किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से किशोरियों में एनीमिया की समय पर पहचान कर रोकथाम एवं उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने में किशोरियों, अभिभावकों, शिक्षण संस्थानों तथा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।