गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 17अगस्त। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर 16 अगस्त को रेस्ट हाउस, मैनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यकर्ताओं ने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त की और देश के लिए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का राजनीतिक जीवन देशसेवा, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित रहा। उनके नेतृत्व में भारत ने पोखरण परमाणु परीक्षण के माध्यम से दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बनाई। वहीं, कारगिल युद्ध के दौरान उनके नेतृत्व और दृढ़ निर्णयों ने देश का मनोबल बढ़ाया। प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत भी उनके कार्यकाल में हुई, जिसका लाभ आज भी लोगों को मिल रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी एक ओजस्वी वक्ता, दूरदर्शी राजनेता और अजातशत्रु व्यक्तित्व के धनी थे। यही कारण था कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद विपक्षी दलों के नेता भी उनका सम्मान करते थे।
उन्होंने कहा कि अटल जी की सादगी, विचारधारा और राष्ट्र के प्रति समर्पण आने वाली पीढिय़ों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
भाजपा किसान मोर्चा के जिला मीडिया प्रभारी मोहन सिंह कुशवाहा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में भारत ने परमाणु शक्ति के रूप में अपनी क्षमता स्थापित की। उन्होंने कहा कि अटल जी ने देश के विकास की जो मजबूत नींव रखी, आज उसी सोच को आगे बढ़ाने का कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में नंदिनी नेताम रामदास वैष्णव, दिनेश सचदेव, नीतू ध्रुव, डाकेश्वर नेगी, राकेश दुबे, उपेंद्र साहू, जनक यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने अटल जी के आदर्शों और राष्ट्रसेवा के उनके संकल्प को याद करते हुए उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।