गरियाबंद

सांसद रूपकुमारी चौधरी ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली
16-Aug-2026 3:42 PM
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने ध्वजारोहण  कर परेड की सलामी ली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 16 अगस्त। जिला मुख्यालय के पुलिस परेड ग्राउंड में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद  रूपकुमारी चौधरी ने मुख्य समारोह में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस दौरान कलेक्टर बी.एस. उइके और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

ध्वजारोहण के बाद सभी ने राष्ट्रगान गाया। मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के जनता के नाम संदेश का वाचन किया। इसके बाद खुशहाली के प्रतीक गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। रक्षित निरीक्षक सनत कुमार ठाकुर के निर्देशन में जवानों और विभिन्न टुकडिय़ों ने शानदार मार्च पास्ट कर मुख्य अतिथि को सलामी दी।

समारोह का प्रमुख आकर्षण स्कूली बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां रहीं। बच्चों ने देशभक्ति के साथ छत्तीसगढ़ की परंपरा और संस्कृति को अपनी संगीतमय नृत्य एवं कला प्रस्तुतियों के जरिए जीवंत किया, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित किया गया। परेड कमांडर रक्षित निरीक्षक सनत कुमार ठाकुर, टूआईसी प्रशिक्षु सूबेदार अभिनव सिंह राजपूत और प्रशिक्षु उप निरीक्षक मुकेश कुमार बंजारे को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में माध्यमिक स्तर पर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट स्कूल गरियाबंद ने प्रथम, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय ने द्वितीय और श्रद्धा पब्लिक स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। उच्चतर माध्यमिक स्तर पर पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास प्रथम, स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय द्वितीय और सरस्वती शिशु मंदिर तृतीय रहा।

मार्च पास्ट के प्रोफेशनल वर्ग में 17/19वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सुरक्षा बल कबीरधाम/पोखरण ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला पुलिस बल महिला गरियाबंद द्वितीय और नगर सेना महिला गरियाबंद तृतीय रही।

नॉन प्रोफेशनल वर्ग में एसपीसी गर्ल शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रथम, स्काउट कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय द्वितीय और स्काउट हायर सेकेंडरी स्कूल कन्या गरियाबंद तृतीय रहा। दस प्लाटून कमांडरों को भी प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती चौधरी ने शहीद परिवारों के परिजनों से मुलाकात कर शॉल और श्रीफल भेंट कर उनका सम्मान किया।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप, नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, नगर पालिका उपाध्यक्ष आसिफ मेमन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और नागरिक मौजूद रहे। वहीं गरियाबंद जिले के सभी स्कूल-कॉलेजों एवं विभिन्न संस्थानों में भी स्वतंत्रता दिवस शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्वक मनाया गया।


अन्य पोस्ट