गरियाबंद
राजिम, 11 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान का समर्थन करते हुए छग स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि 10 से 15 अगस्त चलाये जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है।
तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं बल्कि भारत की एकता, अखंडता, गौरव और स्वतंत्रता के संघर्ष की पहचान है । हर घर पर तिरंगा फहराने से नागरिकों में राष्ट्र के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है। उन्होंने कहा हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य तिरंगे को केवल सरकारी संस्थानों तक सीमित रखने की बजाय उसे प्रत्येक भारतीय के गौरव और भावनाओं से जोडऩा है। यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है। श्री साहू ने कहा तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और जय हिंद जैसे नारों से वातावरण देशभक्तिमय नजर आएगा । तिरंगे के साथ निकलने वाली यात्राएं लोगों को स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान और देश की आजादी के महत्व की भी याद दिलाएंगी।श्री साहू ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि तिरंगा हमारा गौरव है और राष्ट्र के लिए हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने की निरंतर प्रेरणा है। हर घर तिरंगा और तिरंगा यात्रा अभियान का संदेश साफ है - हर घर में तिरंगा, हर दिल में भारत। देशभक्ति के इस अभियान में अधिक से अधिक लोगों को भागीदारी कर 80 वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव और भी भव्य तथा यादगार बनाने में अपना स्वस्फूर्त व स्वप्रेरित योगदान देकर एक सच्चे भारतीय होने का परिचय देना चाहिए।