गरियाबंद

भूतेश्वरनाथ दर्शन करने पहुंची श्रद्धालुओं की बस का पहिया सडक़ किनारे धंसा, बाल-बाल बची जान
10-Aug-2026 3:04 PM
भूतेश्वरनाथ दर्शन करने पहुंची श्रद्धालुओं की बस का पहिया सडक़ किनारे धंसा, बाल-बाल बची जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 10 अगस्त। रविवार को जिला मुख्यालय से तीन किलोमीटर दूर मरौदा स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ मंदिर दर्शन के बाद रायपुर लौट रही श्रद्धालुओं से भरी बस एक बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। निर्माणाधीन पुल पर चार पहिया वाहन को साइड देते समय बस का अगला पहिया सडक़ के किनारे धंस गया, जिससे बस एक तरफ बुरी तरह झुक गई और पलटने की स्थिति बन गई। बस में अधिकांश महिलाएं सवार थीं। गनीमत रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

दरअसल, रायपुर से श्रद्धालुओं का एक दल बस से गरियाबंद के मरौदा स्थित प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ मंदिर में दर्शन करने पहुंचा था। दर्शन के बाद करीब दोपहर डेढ़ बजे श्रद्धालुओं से भरी बस रायपुर के लिए रवाना हुई।

पारा गांव के पास नाला में निर्माणाधीन पुल पर सामने से आ रहे चार पहिया वाहन को साइड देते समय बस का अगला पहिया सडक़ के किनारे धंस गया। देखते ही देखते बस एक तरफ झुक गई और पलटने जैसी स्थिति बन गई।

बस में बड़ी संख्या में महिलाएं सवार थीं। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि बस के इमरजेंसी गेट से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना के चलते मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया और सडक़ के दोनों ओर सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराया। इसके बाद क्रेन की मदद से बस को निर्माणाधीन पुल से हटाकर मार्ग को दोबारा सुचारु कराया गया। हादसे में किसी भी श्रद्धालु के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि बस के सामने का शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।


अन्य पोस्ट