गरियाबंद

छग पेंशनर समाज की बैठक में संगठन की मजबूती पर चर्चा
06-Aug-2026 4:24 PM
छग पेंशनर समाज की बैठक में संगठन की मजबूती पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 6 अगस्त। छत्तीसगढ़ पेंशनर समाज, तहसील इकाई गोबरा-नवापारा की मासिक बैठक बुधवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्साह एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।

बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष रविशंकर साहू ने की। वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनहरण वर्मा सभापति तथा उपसभापति मकसूदन साहू, बरीवाला, अश्वनी शर्मा एवं झड़ीराम धुर्व मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि, तिलक-चंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। माँ गायत्री के मंत्रोच्चार से वातावरण भक्तिमय हो उठा। सचिव हरीराम साहू ने सभा का संचालन किया।

इस अवसर पर दीपक शर्मा ने भगवान श्रीराम का भजन प्रस्तुत किया, कविवर बरीवाला ने कविता पाठ किया तथा झड़ीराम धुर्व ने श्रावण ऋतु पर आधारित छत्तीसगढ़ी गीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। पिपलौदा से पधारे खगन चन्द्र राजवंशी ने भी मधुर गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। रविशंकर साहू ने संगठन की एकता,अनुशासन एवं पारिवारिक आत्मीयता को समाज की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सदस्यों से सुख-दु:ख के प्रत्येक अवसर पर एक-दूसरे के साथ खड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने उपाध्यक्ष संजय वडलंकर के पुत्र की सगाई पर शुभकामनाएँ दीं तथा सभी सदस्यों ने करतल ध्वनि से बधाई प्रकट की। बैठक में अभनपुर विधायक की घोषणाओं के क्रियान्वयन में हो रही देरी, छत्तीसगढ़ शासन की प्रस्तावित पेंशनर तीर्थयात्रा योजना तथा आगामी 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने के संबंध में भी चर्चा की गई।


अन्य पोस्ट