गरियाबंद

सडक़ किनारे रुके युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला
05-Aug-2026 2:43 PM
सडक़ किनारे रुके युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला

बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के पेट में घोंपा चाकू

 ‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 5 अगस्त। नवापारा इलाक में सडक़ किनारे रुके युवकों पर चार बदमाशों ने मामूली विवाद के बाद जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले गाली-गलौज करते हुए विवाद शुरू किया, फिर एक युवक के सिर पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे दूसरे युवक के पेट में चाकू घोंप दिया। घटना के बाद चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवक का निजी अस्पताल में उपचार जारी है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला धमतरी जिले के मगरलोड थाना अंतर्गत बड़ी करेली चौकी क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, नवापारा निवासी प्रखर निषाद (25 वर्ष) अपने दोस्तों शेखर साहू, पंकज यादव, लोकपाल वर्मा और राजकुमार निषाद के साथ 2 अगस्त की शाम दो मोटरसाइकिलों से नवागांव की ओर जा रहे थे। ग्राम नवागांव स्थित सोनकर लॉज के पास सभी युवक सडक़ किनारे रुके थे। इसी दौरान नवापारा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार समीर देवार सहित चार युवक वहां पहुंचे और अभद्रता करते हुए विवाद शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने हमला कर दिया। एक आरोपी ने हाथ में पहने लोहे के कड़े (चूड़ा) से प्रखर निषाद के सिर पर वार किया। जब राजकुमार निषाद अपने दोस्त को बचाने पहुंचे तो एक हमलावर ने उनके पेट में चाकू घोंप दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आरोपी फरार हो गए। घटना के बाद घायल युवकों को उनके साथियों ने तत्काल नवापारा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमार निषाद की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने पीडि़त की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में एक की पहचान समीर देवार, निवासी देवारपारा, नवापारा के रूप में हुई है, जबकि उसके तीन अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया और थाने-कचहरी के झंझट से बचने के लिए कई पीडि़त शिकायत दर्ज ही नहीं कराते। यही वजह है कि अनेक घटनाएं दबकर रह जाती हैं और असामाजिक तत्वों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से नवापारा-मगरलोड मार्ग पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो यह मार्ग आम लोगों के लिए और अधिक असुरक्षित हो सकता है।


अन्य पोस्ट