गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 4 अगस्त। नगर के हृदय स्थल गांधी चौक के पास सेठ रेखराज चतुर्भुज भागीरथ अग्रवाल द्वारा नगर को समर्पित राधाकृष्ण मंदिर में दद्दा जी शिष्य मंडल एवं राधाकृष्ण मंदिर ट्रस्ट द्वारा श्रावण मास के पहले सोमवार को प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन रखा गया, जिसमें पहले दिन मिट्टी की गोलियां बनाई गई और सोमवार को शिवलिंग बनाने शिव भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। पहले ही सोमवार को 95103 शिवलिंग का निर्माण हो गया। लोगों में शिव भक्ति इतनी प्रबल है कि श्रावण का इंतजार रहता है कि कब श्रावण मास आवे और हाथों से पार्थिव शिवलिंग बनाकर पूजन करे। एक तरफ निर्माण हो रहा था तो एक तरफ मंच पर सालासर समिति के नेमी साहू और साथियों के साथ भगवान भोले नाथ के भजन प्रस्तुत कर झूमने पर मजबूर कर रहे थे।
इसके बाद संतोष मिश्रा एवं अन्य ब्राम्हणों के द्वारा पूजन अभिषेक कराया गया। आयोजकों ने दूध, दही, पंचामृत, बेलपत्र, पुष्प, दीपक की व्यवस्था पूजन हेतु की। इसके बाद आरती के पश्चात सभी भक्तगण अपने सिर पर शिवलिंग की परात को धारण कर महानदी मैया में बजे गाजे के साथ कतार बद्ध होकर विसर्जन के लिए चल पड़े। पश्चात सभी के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई थी।
आयोजकों ने आने वाले सोमवार को ओर अधिक संख्या में आकर पार्थिव शिवलिंग बनाने की अपील की है।