गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 3 अगस्त। धमतरी जिले के मगरलोड क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मामला करेली बड़ी चौकी क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान ग्राम खिसोरा निवासी खिलन साहू पति भीम साहू (50) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात खाना खाने के बाद महिला अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह कमरे से कुछ आहट नहीं होने पर परिजनों ने दरवाजा खोला तो महिला मृत अवस्था में मिली। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही करेली बड़ी चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों, पड़ोसियों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि घटना से जुड़े हर पहलू की जानकारी मिल सके। पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।