गरियाबंद
स्वास्थ्य जांच के बाद जंगल में छोड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 2 अगस्त। वन परिक्षेत्र गरियाबंद के गांव में तेंदुए को पिंजरे में सुरक्षित पकड़ लिया गया। स्वास्थ्य जांच के बाद जंगल में छोड़ा गया।
ज्ञात हो कि गरियाबंद वनमंडल के वन परिक्षेत्र गरियाबंद अंतर्गत ग्राम केराबाहरा (ग्राम पंचायत जोबा ) में कई दिनों से तेंदुए की गतिविधियां लगातार देखी जा रही थीं। तेंदुए द्वारा पालतू मवेशियों पर हमला करने तथा विद्यालय परिसर व आबादी क्षेत्र के आसपास उसकी मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने विशेष निगरानी शुरू की थी।
वनमंडलाधिकारी ससिगानंदन के. , उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के उप निदेशक तथा वन्यप्राणी चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश वर्मा के मार्गदर्शन में ग्राम जोवा और केरावाहारा में पिंजरे लगाए गए थे। साथ ही प्रशिक्षित लेपर्ड रेस्क्यू टीम को आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात किया गया था। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन, छत्तीसगढ़ से भी आवश्यक अनुमति एवं दिशा-निर्देश प्राप्त किए गए थे।
शुक्रवार को तेंदुआ सुरक्षित रूप से केज ट्रैप में आ गया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पिंजरे को सुरक्षित करते हुए तेंदुए की गतिविधियों एवं स्वास्थ्य पर निगरानी शुरू कर दी। क्षेत्र में भीड़ नियंत्रित कर वन्यजीव और ग्रामीणों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
इसके बाद तीन सदस्यीय पशु चिकित्सक दल ने तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया और प्राकृतिक आवास में छोड़े जाने के योग्य घोषित किया गया।
विशेषज्ञों की रिपोर्ट एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सह मुख्य वन्यजीव वार्डन की अनुमति के बाद नर तेंदुए को सुरक्षित रूप से उपयुक्त वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। यदि तेंदुए या किसी अन्य वन्यजीव की गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम वन अमले को दें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि मानव जीवन और वन्यजीवों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।