गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 2 अगस्त। महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने शनिवार को जिला मुख्यालय में प्रेसवार्ता कर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा जारी की।
जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों से आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है और स्मार्ट मीटर के बाद मनमानी बिलिंग व पारदर्शिता की कमी की शिकायतें बढ़ी हैं। उन्होंने बताया कि आंदोलन के तहत कांग्रेस बिजली दरों में हुई बढ़ोतरी वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया रोकने तथा पूर्व की 400 यूनिट बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करने की मांग करेगी।
दूसरे चरण में 2 अगस्त को कार्यकर्ता बूथ, गांव, वार्ड और पंचायत स्तर पर घर-घर जाकर उपभोक्ताओं से फॉर्म भरवाएंगे तथा बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं पर जनसंपर्क करेंगे। कांग्रेस का कहना है कि यह अभियान बिजली उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। प्रेस वार्ता के दौरान ब्लॉक अध्यक्ष अमित मिरी, संजय नेताम, नीरज ठाकुर, सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे।