गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा राजिम, 2 अगस्त। शहर के पुराने सर्कस ग्राउंड में स्थानीय प्रयाग साहित्य समिति के तत्वावधान में हिंदी-उर्दू साहित्य के अमर कथाकार एवं उपन्यास सम्राट मुंशी प्रेमचंद की जयंती श्रद्धा एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर साहित्यकारों, कवियों एवं बुद्धिजीवियों ने प्रेमचंद के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उनकी रचनाओं की वर्तमान समय में भी प्रासंगिकता पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद भवानी कंसारी ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों एवं उपस्थित साहित्य प्रेमियों का स्वागत किया। कल्याणी कंसारी ने साहित्यकारों का परिचय कराया। कार्यक्रम का संचालन कवि एवं साहित्यकार संतोष कुमार सोनकर मंडल ने किया।
मुख्य वक्ता कवयित्री सरोज कंसारी ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद केवल एक साहित्यकार नहीं, बल्कि समाज सुधारक और दूरदर्शी चिंतक थे। उन्होंने अपनी रचनाओं के माध्यम से नारी, दलित, किसान, शोषित वर्ग तथा भ्रष्टाचार जैसे ज्वलंत विषयों को प्रभावशाली ढंग से समाज के सामने रखा। उन्होंने कहा कि आज भी किसान कर्ज के बोझ तले दबा है, दहेज जैसी कुरीतियां समाज में मौजूद हैं। जब तक गरीबी, शोषण और सामाजिक विसंगतियां रहेंगी, तब तक प्रेमचंद का साहित्य सदैव प्रासंगिक रहेगा।
रत्नांचल जिला साहित्य एवं जनकल्याण समिति,गरियाबंद के अध्यक्ष जितेंद्र सुकुमार साहिर ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद समाज की अंतरात्मा की आवाज थे। उन्होंने साहित्य को केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बनाया, बल्कि उसे सामाजिक जागरूकता, न्याय और परिवर्तन का सशक्त उपकरण बनाया। उनकी कालजयी कृतियां गोदान, गबन, निर्मला, ईदगाह और पूस की रात आज भी पाठकों को संवेदनशील,ईमानदार एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती हैं।
हास्य कवि गोकुल सेन ने कहा कि मुंशी प्रेमचंद का वास्तविक नाम धनपत राय श्रीवास्तव था। उनका जन्म 31 जुलाई 1880 को वाराणसी के निकट लमही गांव में हुआ। उन्होंने अपने साहित्यिक जीवन में 300 से अधिक कहानियां तथा लगभग 14 उपन्यासों की रचना की। 8 अक्टूबर 1936 को उनका निधन हुआ, किंतु उनका साहित्य आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहा है।प्रयाग साहित्य समिति के अध्यक्ष टीकमचंद सेन दिवाकर ने प्रेमचंद के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कम उम्र में माता-पिता का साया उठ जाने के कारण उनका बचपन अत्यंत अभाव और संघर्ष में बीता। उन्होंने मदरसे से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की तथा ट्यूशन पढ़ाकर बी.ए. तक की पढ़ाई पूरी की। बाद में शिक्षा विभाग में नौकरी की, लेकिन महात्मा गांधी के आह्वान पर वर्ष 1921 के असहयोग आंदोलन के दौरान सरकारी सेवा से त्यागपत्र देकर पूर्णकालिक साहित्य सृजन में जुट गए
प्रसिद्ध व्यंग्यकार संतोष सेन ने कहा कि प्रेमचंद ने साहित्य को राजाओं और रानियों की दुनिया से निकालकर किसानों,मजदूरों, दलितों और आम जनजीवन के बीच स्थापित किया। उनकी रचनाओं में ग्रामीण जीवन, सामाजिक सुधार, स्त्री विमर्श और राष्ट्रप्रेम की गहरी छाप दिखाई देती है। उन्होंने हंस, जागरण और माधुरी जैसी प्रतिष्ठित पत्रिकाओं का संपादन भी किया। उनकी प्रसिद्ध कहानियों में कफन, नमक का दरोगा, बड़े घर की बेटी,पूस की रात और ईदगाह प्रमुख हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिनेंद्र यादव ने सभी अतिथियों,साहित्यकारों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।