गरियाबंद
बायोमेट्रिक व्यवस्था लागू करने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 2 अगस्त। छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन ने वीएसके ऐप के आधार पर शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति के अनुसार वेतन आहरित करने और कम उपस्थिति पर वेतन कटौती के निर्देश का कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन का कहना है कि ऐप में व्याप्त तकनीकी खामियों के कारण शिक्षकों की वास्तविक उपस्थिति दर्ज नहीं हो पा रही है, ऐसे में वेतन कटौती का निर्णय अन्यायपूर्ण है।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा और जिला अध्यक्ष परमेश्वर निर्मलकर ने कहा कि प्रदेशभर में वीएसके ऐप में लोकेशन, नेटवर्क और दूरी संबंधी तकनीकी समस्याएं बनी हुई हैं। कई शिक्षक समय पर विद्यालय पहुंचने के बावजूद ऐप में उपस्थिति दर्ज नहीं करा पा रहे हैं। ऐसे में केवल ऐप के आधार पर वेतन काटना उचित नहीं है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब विद्यालयों में शिक्षक नियमित रूप से ऑफ लाइन उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर कर रहे हैं, तो उसका सत्यापन किए बिना केवल ऑनलाइन रिकॉर्ड को आधार क्यों बनाया जा रहा है। एसोसिएशन ने मांग की कि पहले विद्यालयों की उपस्थिति पंजी का भौतिक सत्यापन किया जाए, उसके बाद ही किसी प्रकार की कार्रवाई की जाए।
शिक्षक संगठन ने स्पष्ट किया कि वह ऑनलाइन उपस्थिति का विरोध नहीं कर रहा है, बल्कि वीएसके ऐप के स्थान पर पूरे प्रदेश में बायोमेट्रिक मशीन के माध्यम से उपस्थिति दर्ज कराने की व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि जिन विद्यालयों में नेटवर्क की समस्या के कारण ऐप काम नहीं कर रहा है, वहां पहले से ही बायोमेट्रिक व्यवस्था अपनाने का निर्णय लिया गया है। ऐसी व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू की जा सकती है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि तकनीकी त्रुटियों को दूर किए बिना वीएसके ऐप के आधार पर वेतन काटने का आदेश शिक्षकों के साथ अन्याय है।
संगठन ने शासन से मांग की है कि ऐप की कमियों को दूर करने तक वेतन कटौती संबंधी निर्देश वापस लिए जाएं और शिक्षक उपस्थिति पंजी का सत्यापन कर बायोमेट्रिक प्रणाली लागू की जाए।