गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 30 जुलाई। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच पैरी, सोंढुर और महानदी का जलस्तर लगातार बढऩे से गोबरा नवापारा के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। कई परिवारों को घर छोडक़र सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी है। जिला प्रशासन और नगर पालिका पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं तथा प्रभावित लोगों के लिए राहत एवं ठहरने की व्यवस्था की गई है।
सिकासार, सोंढुर और गंगरेल से छोड़ा गया पानी
लगातार हो रही बारिश के कारण सिकासार जलाशय से लगभग 58,000 क्यूसेक, सोंढुर जलाशय से लगभग 15,000 क्यूसेक तथा गंगरेल बांध से भी पानी छोड़ा गया है। इसके चलते पैरी नदी और महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है, जिसका असर राजिम त्रिवेणी संगम से लेकर गोबरा नवापारा तक देखने को मिल रहा है।
महानदी का जलस्तर बढऩे से नगर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में वार्ड क्रमांक 15 इंदिरा मार्केट, देवार पारा, बंगानी निवास के पीछे का क्षेत्र, वार्ड क्रमांक 16 सोमवारी बाजार वार्ड क्रमांक 17 तिरंगा चौक और वार्ड क्रमांक 18 के कई मोहल्ले शामिल हैं, जहां कई घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। लोग अपने जरूरी सामान के साथ सुरक्षित स्थानों ठहरे हुए हैं।
प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों के लिए सोमवारी बाजार और कृषि उपज मंडी में अस्थायी ठहरने की व्यवस्था की गई है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो हाई स्कूल भवन में भी वैकल्पिक राहत शिविर शुरू करने की तैयारी की गई है।
बुधवार शाम नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी-संजय साहू, भाजपा मंडल अध्यक्ष नागेंद्र वर्मा, पार्षद निर्मला-धीरज साहू तथा नगर पालिका सीएमओ लवकेश कुमार पैकरा और नगर पालिका की टीम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत कार्यों का जायजा लिया।
नगर पालिका अध्यक्ष ओम कुमारी साहू ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है तथा पालिका प्रशासन द्वारा आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी, नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें। जरूरत पडऩे पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं और प्रशासन का सहयोग करें।