गरियाबंद
राजिम, 28 जुलाई। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में धर्मनगरी राजिम स्थित गायत्री शक्तिपीठ में 29 जुलाई को पावन गुरु पूर्णिमा पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक एवं संस्कारत्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। गायत्री शक्तिपीठ राजिम के मुख्य प्रबंध ट्रस्टी पूर्व सांसद अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गृह भंडार निगम चंदूलाल साहू ने जानकारी देते हुए कहा कि पर्व का शुभारंभ प्रात:काल 5 बजे से 10 बजे तक सामूहिक जप, ध्यान गुरु वंदना के साथ 5 कुंडीय गायत्री महायज्ञ संपन्न कराते हुए पूज्य गुरुदेव पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी एवं वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी का विशेष पूजन-अर्चन कर युग निर्माण योजना के संकल्पों को दोहराया जाएगा।05 कुंडीय गायत्री महायज्ञ के साथ विभिन्न संस्कार (दीक्षा, मुंडन, अन्नप्राशन, पुंसवन नामकरण आदि)नि:शुल्क कराया जाएगा साथ ही विचार क्रांति अभियान, गुरुदेव के संदेश एवं पावन उद्बोधन भी होगा।
गायत्री शक्तिपीठ राजिम के व्यवस्थापक एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमी भाई बहनों गायत्री परिजनों एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर गुरु सत्ता का दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करें एवं पुण्य के भागीदार बनें। जो श्रद्धालु गुरु दीक्षा या अन्य संस्कार कराना चाहते हैं, वे कार्यक्रम से पूर्व शक्तिपीठ परिसर में अपना नाम अवश्य दर्ज करा लें।