गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 26 जुलाई। अच्छी बारिश के साथ-साथ किसानों की खेती-किसानी में तेजी आई है। किसान एक ओर जहां खेतों में धान बुवाई के बाद निंदानाशक दवाई छिडक़ाव में लगे हुए हैं, तो वहीं कुछ क्षेत्रों में धान रोपाई का काम भी बहुत तेजी से चल रहा है। चंपारण एवं भेंडरी क्षेत्र में लगातार हो रही अच्छी बारिश के बाद किसानों ने धान की रोपाई तेज़ कर दी है। गांव-गांव के खेतों में किसान और खेतिहर मजदूर सुबह से शाम तक रोपाई में जुटे हुए हैं। चारों ओर हरे-भरे खेत और रोपाई का नज़ारा ग्रामीण अंचल में खेती-किसानी की रौनक को दर्शा रहा है। ग्राम चम्पारण के किसान नेता शोभाराम साहू एवं भेंडरी के किसान केदारनाथ साहू ने बताया कि समय पर हुई बारिश से किसानों में उत्साह है और बुआई के बाद अधिकांश किसान धान की रोपाई में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि मौसम इसी तरह अनुकूल बना रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार होने की उम्मीद है। चंपारण क्षेत्र के खेतों में रोपाई का कार्य पूरे जोर-शोर से चल रहा है, जिससे ग्रामीणों की अर्थव्यवस्था भी मजबूत मानी गई है। इस तरह किसान बेहतर उत्पादन की उम्मीद के साथ पूरे मनोयोग से खेती के कार्य में जुटे हुए हैं।