गरियाबंद

मंदिर में शीतल जुड़वास मनाया
25-Jul-2026 2:59 PM
मंदिर में शीतल जुड़वास मनाया

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 25 जुलाई।  बाबा हरदेव लाल माँ शीतला सेवा समिति नवापारा के तत्वावधान में शीतला मंदिर नवापारा नगर में सुबह 9 बजे से शीतल जुड़वास कार्यक्रम पूरे विधि-विधान एवं धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ शीतला की विशेष पूजा-अर्चना व दीप प्रज्वलन से हुई। इसके पश्चात समिति के सदस्यों ने बैलगाड़ी में सवार होकर नगर भ्रमण किया। इस दौरान भक्तगण पारंपरिक जसगीत गाते व झूमते हुए चले तथा नगरवासियों को माँ शीतला के आशीर्वाद का संदेश दिया। शाम मंदिर प्रांगण में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा परिसर माँ के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसादी का वितरण किया गया।

वास्तविकता और मान्यता यह है कि शीतला जुड़वास त्यौहार ज्येष्ठ माह की गर्मी में गांव में शांति स्थापित करने तथा पशु,फसल एवं मानव को रोगों से बचाने के लिए मनाया जाता है। छत्तीसगढ़ में शीतला देवी को ग्राम देवी का दर्जा प्राप्त है। इन्हें रोग निवारण की देवी भी माना जाता रहा है। ऐसा माना जाता है कि देवी शीतला हाथों में झाड़ू एवं नीम के पत्ते धारण करती हैं। परंपरा के अनुसार इस दिन गांवों में व्यवसाय और कृषि कार्य वर्जित रहते हैं।

समिति के वरिष्ठ सदस्य रूपेंद्र चंद्राकर बताया कि माँ शीतला की कृपा से नगर में सुख, शांति,समृद्धि व आरोग्य बना रहे, इसी कामना के साथ यह पारंपरिक कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष आयोजित किया जाता हैं. इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष पूरन लाल साहू,संरक्षक बिसाहू राम साहू,उपाध्यक्ष महेश निषाद, सचिव ईश्वर साहू, कोषाध्यक्ष शिव दयाल साहू सहित पंडा पंचूराम निषाद, देवेंद्र साहू, कमल कंसारी, रूपेंद्र चंद्राकर, गोवर्धन कंसारी, पुनारद राम साहू, देवेंद्र सेन, गणेश साहू, भागवत साहू,नंद सोनकर, नरोत्तम निषाद, शंभू निषाद,सुदामा भाई और मनोज विश्वकर्मा उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट