गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 25 जुलाई। नीट पेपर लीक के मामले में हंगामा मचा रहे कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षियों के दोहरे रवैये पर छग स्टेट वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने हमला बोलते हुए कहा कि जिस नीट पेपर लीक को आधार बनाकर वे लोग देश में आग लगाना चाहते हैं, उस नीट के री-एग्जाम में लगभग 20 लाख छात्र शामिल हुए और रिजल्ट आने के बाद उनमें से 11 लाख 60 हजार छात्र क्वालीफाई कर गए हैं ।
अब आप सोचिए कि जब नीट के सभी छात्र री-एग्जाम में शामिल हुए, तो फिर दिल्ली में कौन हंगामा कर रहा है? श्री साहू ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी वाले, देश में सत्ता पलट का लगातार प्रयास कर रहे विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे हैं, ये लोग वही मॉडल अपना रहे हैं, जो विदेशी ताकतों के ही इशारों पर श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल में वहां के युवा अपना चुके हैं ।
श्री साहू ने कहा कि पीएम मोदी के चलते अपनी पार्टी को 99 चुनाव हरवा चुके राहुल गांधी इस कदर कुंठित हो चुके हैं कि उन्होंने मान लिया है कि पीएम मोदी के रहते वे नहीं जीत सकते । इसलिए वे लगातार लोगों को पीएम मोदी को हानि पहुंचाने की अपील करते रहते हैं, लोगों से पीएम मोदी को डंडा मारने तक के लिए उकसाते हैं। इसमें सफल न रहने पर उन्होंने 21 जुलाई को अपनी मंशा पूरी करने के लिए एक खतरनाक प्लान बनाया और हजारों समर्थकों के साथ पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठ गए । इतना ही नहीं वे सोशल मीडिया पर अपील भी करते रहे कि देश के लोग वहां आएं । राहुल गांधी की सोच थी कि भीड़ पीएम आवास में घुसकर पीएम मोदी को हटा दे । वो तो दिल्ली पुलिस ने उनकी कुत्सित मंशा को विफल कर दिया, अन्यथा उस दिन अनर्थ हो ही जाता । लेकिन राहुल गांधी आगे भी ऐसा करने से नहीं चुकेंगे, ऐसा मुझे लगता है ।
श्री साहू ने कहा कि आज सोशल मीडिया में कॉकरोच जनता पार्टी, विपक्षी पार्टियां और उनके समर्थक सोशल मीडिया पर 20 जुलाई के आधे-अधूरे वीडियो डालकर, जिसमें पुलिस और सुरक्षा बल प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई कर रही है, देशवासियों को भडक़ाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अगर पूरा वीडियो देखें, तो पुलिस और सुरक्षा बल, अपने जीवन रक्षा और कानून व सुरक्षा व्यस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई कर रहे हैं । क्या पुलिस और सुरक्षा बलों का ऐसा करना गलत है ।
क्या वे लोग, प्रदर्शनकारियों के हमले चुपचाप झेलकर उन्हें संसद की ओर जाने देते, जिससे वे संसद में घुसकर अनहोनी कर देते, तो वो क्या सही कहलाता ?
श्री साहू ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी का संस्थापक, देश के मुख्य न्यायाधीश की दूसरे संदर्भ में कही गई एक टिप्पणी को आधार बनाकर कॉकरोच जनता पार्टी का गठन किया और आज देश में आग लगाकर तख्ता पलट करने का दुस्साहस कर रहा है जबकि मुख्य न्यायाधीश ने उसी वक्त स्पष्ट कर दिया था कि उनकी टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है । वो टिप्पणी क्या थी, किन लोगों पर थी ? इसकी सच्चाई आज का युवा चाहे तो सोशल मीडिया पर जाकर देख सकता है । प्रदर्शन कर रहे लोग यह क्यों नहीं समझ पा रहे हैं कि संसद मार्च के लिए उन्हें उकसाकर पुलिस और सुरक्षा बलों की लाठियों, आंसू गैस के बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापकगण अचानक क्यों गायब हो गए ? प्रदर्शनकारी लाठी खाये, घायल हुए, लेकिन संस्थापकों में से किसी को खरोंच तक नहीं आई क्योंकि वे लोग या तो इस बीच खिसक लिए थे, बर्गर खा रहे थे या लाठी से बचने किसी ट्रक के अंदर सुरक्षित मौजूद थे । जबकि लीडर लाठी खाने के लिए सबसे आगे रहता है । श्री साहू ने पेपर लीक और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की निंदा करते हुए शिक्षा मंत्री, गृह मंत्री, प्रधानमंत्री के इस्तीफे की मांग करने वाले विपक्षियों विशेषकर राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कहा कि 1975 में इलाहाबाद हाइकोर्ट के फैसले के बाद पीएम पद छोडऩे की जगह पीएम पद पर बने रहने के लिए संविधान और लोकतंत्र की हत्या कर लगभग 2 साल तक देश में इमरजेंसी लगाने वाले इंदिरा गांधी के पोते, पोती और उनकी पार्टी किस मुंह से धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांग रहे हैं । प्रियंका गांधी ने राजस्थान में अपने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शिक्षा मंत्री गोविंद डोटासरा से वर्ष 2021 से 2023 तक राजस्थान में हुए 20 पेपर घोटालों पर इस्तीफा क्यों नहीं मांगा ? जबकि वो खुद सार्वजनिक मंच पर इस बात को स्वीकार कर चुकी थी । जो केजरीवाल शराब घोटाले में महीनों जेल में थे और दिल्ली के जनता के हितों की अनदेखी कर मुख्यमंत्री पद नहीं छोड़े थे, जिनका खुद का शिक्षा मंत्री जेल में था, फिर भी उससे महीनों इस्तीफा नहीं लिया, आज वो धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा मांग रहे हैं ! अंत में श्री साहू ने कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी पार्टियों को धिक्कारते हुए कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार पिछले महीने से अभी तक 3 आंदोलनों मनरेगा मजदूरों, आईटीआई युवाओं में प्रदर्शनकारियों पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कर चुकी है । केजरीवाल नीट पेपर लीक पर हंगामा कर रहे हैं, लेकिन पंजाब में तो पंजाब फार्मेसी ऑफिसर की पूरी परीक्षा ही लीक हो गई और 19 जुलाई को जब इसके विरुद्ध युवा प्रदर्शन करने लगे तो उन पर बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज कर दिया गया । 15 जुलाई को 8 महीनों से अटके वेतन की मांग कर रहे महिला व पुरुष मजदूरों पर पंजाब पुलिस ने बर्बरता दिखाई । 5 जून को आईटीआई युवाओं पर पुलिस ने शक्ति प्रदर्शन किया । इन सभी पर केजरीवाल के साथ ही कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी दल खामोश हैं । दूसरी ओर केरल के मुख्यमंत्री, दिल्ली आकर धर्मेन्द्र प्रधान का इस्तीफा मांग सकते हैं, लेकिन उनके ही राज्य में नीट पेपर लीक को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस ने वाटर कैनन चलाए और अन्य कार्रवाई की, ये कैसा दोहरा रवैया है ? ये बर्बर कार्रवाईयां कॉकरोच जनता पार्टी और विपक्षी पार्टियों को क्यों नहीं दिखाई दे रही है ? शायद इसलिए कि इधर ध्यान देना उनके कुत्सित उद्देश्यों को पटरी से उतारने के बराबर होगा । श्री साहू ने अपील करते हुए कहा कि दिल्ली में प्रदर्शन में शामिल लोग और देशवासी, इन लोगों के इस डबल स्टैंडर्ड को देखें व समझें और इनके च्च्असली उद्देश्योंज्ज् को फलीभूत करने में उनका साथ देकर उस देश को आग लगाने या बर्बाद करने में साथ न दें, जिस देश को खुद उनके पूर्वजों ने अपना बलिदान देकर आजाद कराया और एक स्वतंत्र, संप्रभु और लोकतांत्रिक देश बनाया ।