गरियाबंद
एसडीएम से निष्पक्ष जांच और काम रोकने की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 24 जुलाई। राजिम नगर में नए मेला मैदान से लक्ष्मण झूला तक लोक निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे निर्माणाधीन सडक़ परियोजना को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। सडक़ निर्माण की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर पार्षद तुषार कदम राजिम की ओर से अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) राजिम को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि निर्माण स्थल पर परियोजना से संबंधित अनिवार्य सूचना-पटल (डिस्प्ले बोर्ड) तक नहीं लगाया गया है। आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित निर्माण कार्य के लिए राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई है। साथ ही यह भी उल्लेख किया गया है कि पुरातत्व विभाग द्वारा संबंधित विभाग और ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले नदी किनारे बिना रिटेनिंग वॉल बनाए मिट्टी डाल दी गई, जिसके कारण बारिश के दौरान मिट्टी नदी में बह रही है।
ज्ञापन में विभिन्न समाचार माध्यमों में प्रकाशित खबरों का हवाला देते हुए निर्माण में उपयोग की गई मिट्टी की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं।
शिकायतकर्ता ने एसडीएम से मांग की है कि सक्षम तकनीकी अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जांच पूरी होने तक आवश्यकता पडऩे पर निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, दोषी अधिकारी एवं ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए तथा ठेकेदार को किसी भी प्रकार का भुगतान न किए जाने की मांग है।