गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 23 जुलाई। गरियाबंद जिले के मैनपुर-धुर्वागुड़ी मुख्य मार्ग (एनएच- 130) पर बुढग़ेलटप्पा के पास बुधवार शाम देवभोग वन विभाग की बोलेरो और एक ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में फॉरेस्ट रेंजर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए है। इंदागांव पुलिस मौके पर पहुंच शव का पंचनामा किया है।
इंदागांव थाना प्रभारी डोमेंद्र सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को देवभोग अस्पताल भेजा गया है। शव को देवभोग भेजा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवभोग वन विभाग की पुरानी बोलेरो में फॉरेस्ट रेंजर अश्विनी दास मिरचुलिया समेत कुल 9 लोग सवार थे। विभाग के अलावा अन्य लोग भी सवार होकर मैनपुर से देवभोग आ रहे थे। घटना में वाहन चालक महेंद्र निर्मलकर, वन रक्षक उमेश ध्रुव और अन्य लोग भी बुरी तरह जख्मी हो गए है।
जब बोलेरो एनएच-130 पर स्थित बुढग़ेलटप्पा के एक तीखे मोड़ से गुजर रहा था, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। सामने की सीट पर सवार रेंजर की मौके पर ही मौत हो गई। चालक का पैर टूट गया है। बोलेरो ट्रक में फंस गया, बोलेरा में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। सभी घायलों को डायल 112 एवं भाजपा नेता हलमंत ध्रुव की मदद से देवभोग अस्पताल पहुंचाया गया।
सडक़ किनारे मुरम की जगह मिट्टी डालने से हो रहे हैं हादसे
एनएच-130 पर झारियाबहरा से ध्रुवागुड़ी सडक़ की मरम्मत के दौरान नियमों को ताक पर रखकर दोनों साइड की पटरी में मुरम की जगह घटिया मिट्टी डाली गई है। अभ्यारण्य इलाका होने के कारण सडक़ अब भी लगभग 45 किमी सिंगल लेन है।
अक्सर निर्माण कार्यों के दौरान सडक़ों के किनारे मजबूत पकड़ और वाहनों के फिसलने से बचाव के लिए मुरम (लाल कंकरीट मिट्टी) का उपयोग किया जाता है। लेकिन इसके विपरीत, चिकनी और पिलपिली मिट्टी डालने से हल्की सी बारिश या वाहनों के टर्निंग के दौरान टायर फिसलने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। प्रत्यक्षदर्शियों का मानना है कि सडक़ किनारे फैली यही चिकनी मिट्टी इस भीषण टक्कर और गाड़ी बेकाबू होने का एक बड़ा कारण बनी है।