गरियाबंद
अधिकाधिक विद्यार्थियों के चयन के लिए बनाई रणनीति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 23 जुलाई। कलेक्टर भगवान सिंह उइके के निर्देश पर जिले के अधिक से अधिक विद्यार्थियों का जवाहर नवोदय विद्यालय एवं राष्ट्रीय साधन सह योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में चयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय कार्यशाला एवं रणनीतिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर, सहायक जिला सांख्यिकीअधिकारी श्याम कुमार चंद्राकर तथा विकासखंड शिक्षा अधिकारी गजेंद्र ध्रुव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यशाला में जिले के प्रत्येक विकासखंड से पांच जेएनवी एवं पांच एनएमएमएसई विशेषज्ञ शिक्षकों ने सहभागिता की। इन शिक्षकों को अपने-अपने विकासखंड, क्लस्टर एवं विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन, अभ्यास सत्र और परीक्षा तैयारी गतिविधियों का संचालन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई, ताकि प्रत्येक प्रतिभाशाली विद्यार्थी तक गुणवत्तापूर्ण तैयारी की सुविधा पहुँच सके। बैठक में जेएनवी प्रवेश परीक्षा के नवीन पाठ्यक्रम का विस्तार से विश्लेषण किया गया। पर्यावरण अध्ययन, गणित, भाषा, मानसिक योग्यता एवं अन्य विषयों की तैयारी के प्रभावी तरीकों पर चर्चा हुई। साथ ही बदलते परीक्षा पैटर्न के अनुरूप शिक्षण पद्धति एवं अभ्यास सामग्री विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।