गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 19 जुलाई। महासमुंद और गरियाबंद क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाई जा रही धरपकड़ मुहिम के तहत मैनपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी और घेराबंदी कर ओडिशा-छत्तीसगढ़ सीमा से सटे मार्ग पर एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3 किलो अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई को थाना मैनपुर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग-130 सी पर स्थित रॉयल ढाबा के पास मुख्य मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा बेचने के लिए ग्राहकों का इंतजार कर रहा है।
सूचना मिलते ही मैनपुर पुलिस की टीम ने तत्काल तस्करों की धरपकड़ हेतु जाल बिछाया और घटनास्थल पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को चारों तरफ से घेरकर हिरासत में ले लिया।
पुलिस हिरासत में लेकर जब आरोपी से पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम भावेश भाई गुजरात बताया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास मौजूद एक काले रंग के पि_ू बैग से कुल 3 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही पुलिस ने आरोपी के पास से एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया है।
मैनपुर पुलिस ने आरोपी भावेश भाई के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आवश्यक कानूनी कागजी कार्रवाई पूर्ण करने के पश्चात आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।