गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
मैनपुर, 16 जुलाई। गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड के कन्या हाई स्कूल मैनपुर में 15 जुलाई को सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में थाना मैनपुर की पुलिस टीम द्वारा एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रशिक्षु सब इंस्पेक्टर दीप कुमार ईकेश्वर ने सरदार वल्लभभाई पटेल के महान योगदान और उनके अदम्य साहस, नेतृत्व तथा राष्ट्र एकता के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे पटेल जी के जीवन से सीख लेकर अपने अंदर देशभक्ति, एकता और अनुशासन के गुण विकसित करें। युवाओं में बढ़ती मोबाइल फोन और नशे की लत पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि मोबाइल का अत्यधिक उपयोग एकाग्रता, अध्ययन और मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित करता है। साथ ही, उन्होंने नशे के दुष्परिणामों के बारे में विद्यार्थियों को चेताया और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचने के तरीके, यातायात नियम, सोशल मीडिया अकाउंट प्राइवेसी, डायल 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1091, महिला हेल्पलाइन 1098, वित्तीय फ्रॉड के समय 1930, महिलाओं से संबंधित अपराध व रोक थाम के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को अनुशासन और आत्म-नियंत्रण का महत्व भी समझाया।
जागरूकता कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य अख्तर खान सीमा ठाकुर अनीश फातीमा दिनेश यादव ने सब इंस्पेक्टर दीप कुमार ईकेश्वर महिला आरक्षक आशा पैकरा आरक्षक प्रवीन वर्मा तथा थाना मैनपुर की टीम का हार्दिक धन्यवाद किया और उनके मार्गदर्शन की सराहना की।