गरियाबंद

80 बरस के रामानंद कर रहे उन्नत खेती
15-Jul-2026 6:47 PM
80 बरस के रामानंद कर रहे उन्नत खेती

ट्रैक्टर-हार्वेस्टर होने के बावजूद खुद संभालते हैं कमान

नवापारा-राजिमv, 15 जुलाई। क्षेत्र में खरीफ फसल के तहत धान बुवाई का कार्य अब अंतिम चरण की ओर अग्रसर है। अकरस जुताई के बाद किसान इन दिनों खुर्रा बोनी और लह्या बुवाई (धान को भिगोकर अंकुरित करने के बाद गीले खेतों में छिडक़ाव) के कार्यों में जुटे हुए हैं। यह तकनीक विशेष रूप से वे किसान अपनाते हैं जिनके पास मोटर पंप जैसे स्वयं के सिंचाई साधन उपलब्ध हैं, या जिन खेतों में अत्यधिक बारिश के कारण पानी भरा हुआ है।

दूसरी ओर, रोपाई के लिए तैयार की जाने वाली थरहा बोनी का कार्य अभी बोरिंग वाले खेतों में छिटपुट रूप से शुरू हुआ है, जिसे गति पकडऩे में थोड़ा समय लगेगा। गौरतलब है कि विगत 4 जुलाई को क्षेत्र में हुई 36 घंटों की निरंतर बारिश के बाद से मानसून की बेरुखी बनी हुई है। मौसम साफ होने और तेज धूप के कारण उमस बढ़ गई है, जिससे किसानों को अब धान की फसल के लिए अगली अच्छी बारिश का बेसब्री से इंतजार है।

इस कृषि सीजन के बीच, समीपवर्ती ग्राम जौन्दी के 80 वर्षीय बुजुर्ग किसान रामानंद साहू क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए प्रेरणा बने हुए हैं। वे इन दिनों अपने खेतों में धान की लह्या बुवाई का अंतिम कार्य स्वयं करते नजर आ रहे हैं।

रामानंद साहू ने बताया कि इस वर्ष उन्होंने साढ़े चार एकड़ खेत की मेड़ की चारों ओर की खपटाई (मेड़ दुरुस्त करना) से लेकर धान बुवाई तक का सारा कार्य पूरी तरह से अपने हाथों से किया है। वर्तमान में जो धान की फसल पांच इंच तक ऊंची हो गई है, उसमें अब वे स्वयं खाद डालने की तैयारी कर रहे हैं।

रामानंद साहू कुल 18 एकड़ कृषि भूमि पर किसानी का कार्य संभालते हैं, जिसमें 4 एकड़ उनकी स्वयं की जमीन है और 14 एकड़ जमीन उन्होंने रेगहा (किराये) पर ले रखी है। खेतों की जुताई और मताई का कार्य उनका नाती अपने ट्रैक्टर से करता है, जबकि उनका एकमात्र पुत्र अन्य स्थानों पर स्थित कृषि भूमि की देखरेख करता है। अपनी कड़ी मेहनत और खेती के बदौलत आज उनके पास स्वयं का ट्रैक्टर और हार्वेस्टर दोनों आधुनिक कृषि साधन उपलब्ध हैं। इतनी उम्र हो जाने के बाद भी उनका हौसला बुलंद है। वे बताते हैं कि खेतों में शारीरिक श्रम किए बिना उन्हें न तो भोजन पचता है और न ही अच्छी नींद आती है। यही सक्रियता उनके उत्तम स्वास्थ्य का राज है।


अन्य पोस्ट