गरियाबंद

साइड नहीं मिलने पर वन अफसर ने आधी रात यात्री बस रुकवाई
13-Jul-2026 7:08 PM
साइड नहीं मिलने पर वन अफसर ने आधी रात यात्री बस रुकवाई

चालक से बहस, पुलिस से भी अभद्रता, केस दर्ज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 13 जुलाई। गरियाबंद जिले के इंदागांव क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130सी पर शनिवार देर रात रेंजर द्वारा कथित रूप से नशे की हालत में एक यात्री बस को बीच राह रोकने और विवाद करने का मामला सामने आया है। घटना के चलते बस में सवार महिला, बुजुर्ग और बच्चों सहित बड़ी संख्या में यात्रियों को आधी रात तक भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस मामले में पुलिस ने बस चालक की शिकायत पर केस दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार 11 जुलाई 2026 को शाम लगभग 6 बजे रायपुर से देवभोग के लिए रवाना हुई मां शारदा बस (क्रमांक सीजी-23-एफ-5740) रात लगभग 11.40 बजे ध्रुवागुड़ी चेक पोस्ट के पास पहुंची थी। बताया जा रहा है कि संकरे मार्ग और बारिश के कारण सडक़ किनारे कीचड़ होने की वजह से बस चालक ने पीछे से आ रही कार को आगे निकलने के लिए हाथ से संकेत देते हुए चेक पोस्ट के पास साइड दी थी।

आरोप है कि कार में सवार वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) सुशील कुमार सागर ने बस के सामने अपनी गाड़ी लगाकर उसे रोक दिया, जिसके बाद बस चालक और रेंजर के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।

पुलिस और रेंजर के बीच भी हुई बहस, थाना ले जाए गए दोनों पक्ष

विवाद बढ़ता देख मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इस दौरान रेंजर द्वारा ड्यूटी पर मौजूद पुलिस जवानों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया, जिससे मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति निर्मित हो गई।

 बिगड़ते हालात को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों को इंदागांव थाना लेकर आई। यहां बस चालक की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके पश्चात, स्थिति की स्पष्टता के लिए संबंधित अधिकारी को मेडिकल परीक्षण (मुलाहिजा) हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग ले जाया गया।

ढाई घंटे तक मार्ग पर फंसे रहे यात्री

इस पूरे घटनाक्रम के कारण बस में सवार यात्रियों को करीब ढाई घंटे तक सडक़ पर ही फंसे रहना पड़ा। रात लगभग 2.30 बजे तक चली इस प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया के दौरान महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जिसे लेकर यात्रियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।


अन्य पोस्ट