गरियाबंद

राजिम भक्तिन माता समिति चुनाव में लाला दूसरी बार बने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बने आलोक
13-Jul-2026 3:38 PM
राजिम भक्तिन माता समिति चुनाव में लाला दूसरी बार बने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष बने आलोक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 13 जुलाई। राजिम के पथर्रा रोड स्थित साहू छात्रावास भवन में साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति के कार्यालय परिसर में रविवार को हुए समिति के चुनाव में समिति के अध्यक्ष पद के लिए इस बार उत्साह, प्रतिस्पर्धा और सामाजिक एकजुटता का अनूठा नजारा देखने को मिला।

समाज के कुल 1,305 मतदाताओं में 1141 ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर नए नेतृत्व के चयन में भागीदारी निभाई। मतगणना पूरी होने के बाद लाला साहू 984 मत प्राप्त किए मिंजुन साहू को 144 तथा 13 वोट नोटा को प्राप्त हुए। इस तरह लाला साहू ने 840 वोटों से जीत दर्ज कर लगातार दूसरी बार अध्यक्ष पद पर विजय प्राप्त की। उपाध्यक्ष के चुनाव में आलोक साहू को 908 तथा ठाकुर राम को 210 वोट मिला 23 वोट नोटा को इस तरह आलोक साहू 698 वोटो से जीत हासिल की।

समर्थकों ने लाला साहू को फूल-मालाओं से लाद दिया, गुलाल उड़ाकर उनका भव्य स्वागत किया और जमकर आतिशबाजी व मिठाइयों के साथ खुशी का इजहार किया। समाज के लोगों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। विजय के बाद लाला साहू ने अपनी सफलता का श्रेय समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, मातृशक्ति और सभी मतदाताओं को दिया।

उन्होंने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज के विश्वास और एकता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में समाजहित के कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी तथा सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की नई दिशा में कार्य किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि लाला साहू लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। विशेष रूप से राजिम मेला के दौरान लगातार 15 दिनों तक निशुल्क विशाल भोग-भंडारे का आयोजन उनके प्रयासों से किया जाता है, जिसमें प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं।


अन्य पोस्ट