गरियाबंद

राजापड़ाव के वनांचल गांवों को मिलेगी अंधेरे से राहत
12-Jul-2026 8:16 PM
राजापड़ाव के वनांचल गांवों को मिलेगी अंधेरे से राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 12 जुलाई। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र के सौर विद्युतीकृत गांवों में वर्षों से खराब पड़े सोलर संयंत्रों के सुधार का रास्ता साफ हो गया है। क्रेडा द्वारा पहले चरण में 14 ग्राम पंचायतों के आश्रित गांवों में स्थापित 40 पुराने सोलर पावर प्लांटों के सोलर पैनल, बैटरी बैंक, इन्वर्टर तथा कंट्रोल रूम की मरम्मत एवं बदलाव के प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है। जिला स्तर पर संयंत्रों के सुधार की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार राजापड़ाव क्षेत्र के अधिकांश सौर संयंत्र 15 से 20 वर्ष पुराने हो चुके हैं। सोलर पैनलों की विद्युत उत्पादन क्षमता घटने और बैटरी बैंक के जर्जर होने के कारण ग्रामीणों को रात में केवल कुछ घंटों तक ही बिजली मिल रही थी। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों को अंधेरे में जीवनयापन करना पड़ रहा था।

क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से बिजली, सडक़, पुल-पुलिया, स्कूल भवन और स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग कर रहे थे। कुछ माह पूर्व इन्हीं मांगों को लेकर ग्रामीणों ने एनएच-130 पर 14 घंटे तक चक्काजाम किया था। इसके बाद ग्रामीणों ने अपने खून से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को भी अपनी समस्याओं से अवगत कराया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय और छत्तीसगढ़ शासन के निर्देश पर क्रेडा ने क्षेत्र के सौर संयंत्रों का सर्वे कराया। इसके बाद पुराने संयंत्रों के सोलर पैनल, बैटरी बैंक, इन्वर्टर और कंट्रोल रूम के सुधार का प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेजा गया, जिसे अब मंजूरी मिल चुकी है।

पहले चरण में साहेबिनकछार, नागेश, करलाझर, कोदोमाली, गौरगांव, लाटापारा, झोलाराव, गरहाडीह, बोरईडीह, मोंगराडीह, कुचेंगा, भाटापानी, गरिबा, गाजीमुड़ा, बरगांव, डूमरपड़ाव, कोकड़ी, नगबेल, छिंदभरी, तौरेंगा, जुगाड़, बुडगेलटप्पा, डुमरघाट, रक्षापथरा, आमामोरा, ओड़ और कमारनौंदी सहित कई गांवों के सौर संयंत्रों का उन्नयन किया जाएगा। वहीं शेष गांवों के संयंत्रों के लिए भी बजट स्वीकृति हेतु प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

सोलर पैनल और बैटरी बदलने के बाद संयंत्रों की विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, जिससे ग्रामीणों को रात में अधिक समय तक बिजली और बेहतर प्रकाश व्यवस्था मिल सकेगी। इससे वनांचल के गांवों में रहने वाले लोगों, विशेषकर विद्यार्थियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट