गरियाबंद

प्रकृति हमारी माता व प्रकृति का संरक्षण हमारा कर्तव्य-ओमकुमारी
12-Jul-2026 6:50 PM
प्रकृति हमारी माता व प्रकृति का संरक्षण हमारा कर्तव्य-ओमकुमारी

नवापारा-राजिम, 12 जुलाई। नगर के शीतलापारा वार्ड में मुख्य मार्ग के किनारे नगर पालिका अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू, भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष धनमति साहू एवं वार्डवासियों ने गुलमोहर का पौधा रोपित किया। नगर के प्रसिद्ध कथावाचक पंडित कन्हैया तिवारी ने विधिविधान से पूजा कर एवं मंत्रोच्चार से पौधारोपण करवाया।

उक्त अवसर पर नपा अध्यक्ष ओमकुमारी-संजय साहू ने कहा कि बहुत हर्ष कि बात है कि नगरवासी खुले एवं अनुपयोगी स्थानों में पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहे है। प्रकृति हमारी माता है और प्रकृति का संरक्षण हमारा प्रथम कर्तव्य है। पर्यावरण संरक्षण, शुद्ध हवा, स्वच्छ जल एवं ग्लोबल वार्मिंग से बचने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता है। बरसात का मौसम वृक्षारोपण के लिए सबसे उत्तम समय है। नपा अध्यक्ष ने नगरवासियों से आह्वान किया है कि अधिक से अधिक पेड़ लगाकर धरती माता का श्रृंगार करे। वृक्षारोपण के अवसर पर विकास साहू, सोनू सोनी, ऊषा साहू, कीर्ति साहू, सोनिया साहू, अंजली साहू एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट