गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 12 जुलाई। जिला प्रशासन रायपुर द्वारा संचालित पढ़े रायपुर, लिखे रायपुर और बढ़े रायपुर अभियान के अंतर्गत शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारपूर्ण कार्य करने वाले शिक्षकों का सम्मान किया गया। विनोबा कार्यक्रम के माध्यम से आयोजित समारोह में शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में उल्लेखनीय सुधार लाने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं गिफ्ट हैम्पर प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में रायपुर कलेक्टर डॉ.गौरव कुमार सिंह एवं जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन ने शिक्षकों को सम्मानित किया।
इसी क्रम में विकासखंड अभनपुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला खोलीपारा, नवापारा की सहायक शिक्षिका कुमारी प्रीति साहू को शिक्षा में नवाचार, रचनात्मक शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार हेतु किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
कुमारी प्रीति साहू ने कक्षा 1 से 2 तक के विद्यार्थियों के लिए कहानी वाचन, कविता वाचन, टीएलएम निर्माण एवं उसके प्रभावी उपयोग जैसे नवाचारों के माध्यम से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक रोचक, प्रभावी और बालकेंद्रित बनाया है। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों की सहभागिता एवं सीखने की गुणवत्ता में सकारात्मक सुधार देखने को मिला है। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।