गरियाबंद

जिपं सदस्य काले छाते और काले कपड़े पहनकर दर्ज कराया विरोध
11-Jul-2026 4:00 PM
जिपं सदस्य काले छाते और काले  कपड़े पहनकर दर्ज कराया विरोध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 11 जुलाई। जिला पंचायत रायपुर की सामान्य सभा की बैठक में जिला पंचायत सदस्य यशवंत साहू ने नकटी गांव के प्रभावित परिवारों का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए काले वस्त्र एवं काले छाते के साथ सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।

इस विरोध में जिला पंचायत सदस्य पूजा लोकमणि कोसले,भीनू सुजीत गिधौड़े, कविता हेमंत कश्यप एवं हरिशंकर निषाद भी शामिल रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर प्रभावित परिवारों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया और उनके न्यायपूर्ण पुनर्वास की मांग की। यशवंत साहू ने कहा कि जब किसी गरीब के सिर से उसकी छत छीन ली जाती है, तब बरसात में एक छाता ही उसका सहारा बन जाता है। इसलिए प्रदर्शन में काले छाते का उपयोग उन बेघर परिवारों की पीड़ा, संघर्ष और मजबूरी को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए किया गया, जो आज भी खुले आसमान के नीचे जीवन-यापन करने को विवश हैं।

उन्होंने सामान्य सभा में मांग की कि नकटी गांव के सभी प्रभावित परिवारों को तत्काल पुनर्वास, आर्थिक सहायता एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ गरीबों को बेघर करना नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देना होना चाहिए। लोकमणि कोसले ने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी परिवार का बेघर होना अत्यंत पीड़ादायक है। शासन को संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत और सम्मानजनक पुनर्वास उपलब्ध कराना चाहिए।

भीनू सुजीत गिधौड़े ने कहा कि प्रशासनिक कार्रवाई के साथ मानवीय संवेदनाओं का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है। नकटी गांव के प्रभावित परिवारों को न्याय और आवश्यक सहायता समय पर मिलनी चाहिए। कविता हेमंत कश्यप ने कहा कि महिलाओं,बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल आवास एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। हरिशंकर निषाद ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का दायित्व जनता की पीड़ा को सदन तक पहुंचाना और उसके समाधान के लिए आवाज़ उठाना है। नकटी गांव के प्रभावित परिवारों के साथ न्याय होने तक यह आवाज़ लगातार उठती रहेगी।

प्रदर्शन के दौरान काला वस्त्र अन्याय के प्रति विरोध का प्रतीक बना, वहीं काला छाता उन परिवारों के दर्द का प्रतीक था, जिनके सिर से छत छिन जाने के बाद बरसात में छाता ही उनका अस्थायी सहारा बन गया है।

 इस सांकेतिक विरोध के माध्यम से जनप्रतिनिधियों ने शासन-प्रशासन से संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।


अन्य पोस्ट