गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 8 जुलाई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरौद में विद्यार्थियों शिक्षकों एवं विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों एवं नशा मुक्ति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित की गई।
कार्यक्रम में पृथ्वीम वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष योगिता सिन्हा एवं पुलिस विभाग के आला अधिकारी सीएसपी तुलसी राम लेकाम के नेतृत्व में विद्यार्थियों को कानून संबंधी जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान सीएसपी तुलसी लेकाम ने छात्र-छात्राओं को देश में लागू किए गए नवीन भारतीय कानून के संबंध में विस्तार पूर्वक जानकारी दी। पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताये।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल,ओटीपी साझा न करने, सोशल मीडिया हैकिंग, फर्जी लिंग एवं डिजिटल भुगतान से संबंधित धोखाधड़ी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक लिंक,बैंक संबंधी जानकारी ओटीपी अथवा पासवर्ड साझा नहीं करना चाहिए। किसी प्रकार के साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने तथा साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने की जानकारी दी गई।
यातायात नियमों का पालन करे- अरुण साहू
जनजागरुकता कार्यक्रम में सब इंस्पेक्टर अरुण साहू ने छात्रों को यातायात नियमों के पालन के लिए आह्वान किया। बिना हेलमेट दुपहिया न चलाने एवं चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट लगाने का आह्वान किया। आरक्षक मिम्मी साहू ने महिला एवं बाल अपराधों के संबंध में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने बाल संरक्षण, महिलाओं की सुरक्षा,गुड टच एवं बेड टच, बाल विवाह, छेड़छाड़, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग एवं महिलाओं और बच्चों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की जानकारी तत्काल अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा पुलिस को देने की सलाह दी गई। इसके अलावा युवाओं को नशा मुक्ति का संदेश देते हुए नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में सीएसपी तुलसी लेकाम, स्कूल प्राचार्य कृष्णा देवांगन, सब इंस्पेक्टर अरुण साहू, जागेश्वर सिंह, हेड कांस्टेबल राधे लाल सिंह, आरक्षक मिम्मी साहू, पृथ्वीम फाउंडेशन की सदस्य सविता गोस्वामी, कल्पना पांडे, रेणुका तिवारी, स्कूल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।