गरियाबंद

बरसात में पक्षी का घोंसला भी नहीं उजाड़ा जाता, सरकार ने गरीबों के घर तोड़ दिए-डॉ. चरणदास महंत
08-Jul-2026 5:45 PM
बरसात में पक्षी का घोंसला भी नहीं उजाड़ा जाता, सरकार ने गरीबों के घर तोड़ दिए-डॉ. चरणदास महंत

नकटी गांव के मकान तोडऩे के मामले को विधानसभा में उठाने का ऐलान, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 8 जुलाई। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत ने गरियाबंद प्रवास के दौरान नकटी गांव में गरीब परिवारों के मकान तोड़े जाने के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इसे अमानवीय बताते हुए कहा कि बरसात के मौसम में तो पक्षी का घोंसला भी नहीं उजाड़ा जाता, लेकिन सरकार ने गरीबों के आशियाने तोड़ दिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाएगी।

 मंगलवार को गरियाबंद पहुंचे डॉ. महंत का जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा के नेतृत्व में तिरंगा चौक पर फूल-मालाओं, आतिशबाजी और नारों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सर्किट हाउस में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डॉ. महंत ने कहा कि उनका गरियाबंद दौरा कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी राजनीतिक रणनीति पर कार्यकर्ताओं से संवाद के उद्देश्य से है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार संगठन विस्तार के अभियान में जुटी हुई है और जमीनी स्तर पर संगठन को और सशक्त बनाया जा रहा है।

नकटी गांव में मकान तोड़े जाने के सवाल पर उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि गरीबों के साथ अन्याय हुआ है।

डॉ. महंत ने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी और इस पूरे मामले को विधानसभा में मजबूती से उठाएगी।


अन्य पोस्ट