गरियाबंद

महाप्रभु जगन्नाथ की औषधीय सेवा शुरू 16 को निकलेगी भव्य रथयात्रा
07-Jul-2026 4:39 PM
महाप्रभु जगन्नाथ की औषधीय सेवा शुरू  16 को निकलेगी भव्य रथयात्रा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा राजिम, 7 जुलाई।  श्री राधाकृष्ण मंदिर नवापारा में महाप्रभु भगवान जगन्नाथ अनवसर काल में विराजमान हैं। इस अवधि में भगवान के ज्वरग्रस्त होने की परंपरा के अनुसार उनकी विशेष औषधीय सेवा की जा रही है। र

ाजवैद्य की भूमिका निभाते हुए मंदिर के पुजारी प्रतिदिन प्रात: भगवान का जागरण कर औषधीय जल से शुद्धि करते हैं तथा जड़ी-बूटियों का लेप लगाकर सेवा करते हैं। दिनभर फलाहार एवं औषधीय भोग अर्पित किया जाता है तथा सायंकाल विश्राम आरती के पश्चात भगवान को शयन कराया जाता है। अनवसर काल में श्रद्धालुओं के लिए सामान्य दर्शन बंद रहते हैं। मंदिर के सर्वरकार मोहन अग्रवाल,गोपाल अग्रवाल, गिरधारी अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल एवं नयन अग्रवाल ने बताया कि इस अवधि में भगवान के गर्भगृह में केवल पुजारी ही प्रवेश कर सेवा करते हैं। वहीं, रथयात्रा की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं। मंदिर की रंगाई-पुताई शुरू हो चुकी है तथा पर्व के अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा।

गिरधारी अग्रवाल ने बताया कि अनवसर काल भगवान के विश्राम का समय होता है। प्रतिदिन सुबह जागरण, औषधीय स्नान और जड़ी-बूटियों का लेप किया जाता है। दोपहर में फल, नारियल पानी, दलिया एवं औषधीय भोग अर्पित किया जाता है। शाम को पुन: औषधीय सेवा,आरती तथा हल्का भोग लगाकर भगवान को विश्राम कराया जाता है। रंग-बिरंगे फूलों से सुसज्जित रथ में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा विराजमान होंगे। हिंदू धर्म में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा सबसे प्रमुख और भव्य पर्वों में से एक मानी जाती है। आषाढ़ शुक्ल द्वितीया के अवसर पर भगवान स्वयं अपने भक्तों के बीच पधारते हैं। यह यात्रा सभी धर्म, जाति और वर्ग के लोगों के लिए समान रूप से खुली होती है और भगवान की कृपा प्राप्त करने का अनुपम अवसर मानी जाती है।


अन्य पोस्ट