गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 5 जुलाई। राजिम और आसपास क्षेत्र के युवाओं को भारतीय सेना एवं विभिन्न सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से संचालित निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर में विशेष प्रशिक्षण देने आए छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) भिलाई प्रथम बटालियन के जवान सुरेश कुमार साहू के सम्मान में भव्य आयोजन किया गया।
आयोजनकर्ता जीत्तु यादव ने बताया कि शिविर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) भिलाई प्रथम बटालियन के जवान सुरेश कुमार साहू अवकाश के दौरान अपने गृहग्राम राजिम पहुंचे और अवकाश अवधि में युवाओं को नि:शुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर में विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया। उनके मार्गदर्शन में युवाओं ने शारीरिक दक्षता, दौड़, अनुशासन एवं भर्ती प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की। अवकाश समाप्ति के बाद सुरेश कुमार साहू अपने कर्तव्य स्थल के लिए रवाना हुए।
जवान के द्वारा प्रदान किए इस अमूल्य सहयोग और योगदान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए शिविर में एक सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। ग़ौरतलब है कि स्थानीय युवाओं को भारतीय सेना एवं विभिन्न सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए तैयार करने के उद्देश्य से संचालित निशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण शिविर नगर में इन दिनों सफलता का पर्याय बन चुका है।
इस शिविर में न केवल राजिम के युवा, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के युवक-युवतियां भी बढ़-चढक़र भाग ले रहे हैं और अपने सैन्य करियर की नींव रख रहे हैं। शिविर की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि अब तक प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले 22 युवाओं का चयन अग्निवीर योजना एवं विभिन्न केंद्रीय व राज्य सशस्त्र बलों में हो चुका है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि ने क्षेत्र के युवाओं के मनोबल को सातवें आसमान पर पहुँचा दिया है।
इस सफलता के लिए समय-समय पर जनप्रतिनिधियों द्वारा युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया है। हाल ही में स्थानीय विधायक और नगर पालिका अध्यक्ष, राजिम के द्वारा चयनित युवाओं को सम्मानित किया गया, जो कि इन उभरते हुए जवानों के लिए बड़े गर्व का क्षण था। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रशिक्षण शिविर के संयोजक एवं एनसीसी अधिकारी सागर कुमार शर्मा ने साझा किया कि किस प्रकार शिविर में लिए गए कठोर अनुशासन और शारीरिक प्रशिक्षण ने 22 युवाओं को अपनी मंजिल तक पहुँचाने में मदद की और सतत रूप से स्थानीय युवाओं के लिए करियर और राष्ट्र सेवा के प्रति एक नई दिशा देने के लिए संकल्पबद्ध है।
प्रशिक्षक जवान सुरेश कुमार साहू ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि सेना में भर्ती केवल नौकरी नहीं, बल्कि राष्ट्र की सेवा का जज्बा है और उन्हें खुशी है कि राजिम के युवा इस राह पर आगे बढ़ रहे हैं। कार्यक्रम में पंडित डीकेश शर्मा, जीतू यादव, सुरेश यादव, रघु सोनवानी सहित बड़ी संख्या में युवा प्रतिभागी उपस्थित थे, जिनमें भावेश देवांगन, काव्यांश यादव, भारत राजपूत, कोहराम ध्रुव, सुधीर साहू, गणेश सोनकर, चित्रलेखा साहू, राधा ध्रुव, यामिनी ध्रुव, दीप कुमारी निषाद, हर्षिता वैष्णव, हंसिका साहू, खुशबू निषाद, भारती निषाद, मोनिका देवांगन, पायल धीवर, सुमन धीवर, जानवी निषाद, पुनेन्द्र, दामेश्वर ध्रुव, सारांश शर्मा, कान्हा यादव और भारत राजपूत आदि उपस्थित रहे।