गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 4 जुलाई। पांच दिवसीय गौ आह्वान सम्मान हस्ताक्षर अभियान एवं गांव-गांव गौ ग्राम जन-जागरण यात्रा का भव्य समापन ग्राम पंचायत तर्री नवापारा में हुआ। कार्यक्रम का संचालन रवि शंकर साहू ने किया।
इस अवसर पर गोपाल गौशाला के उपाध्यक्ष प्रफुल्ल दुबे एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि संतोष मिश्रा ने ग्रामीणों को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने कहा, गौ माता भारतीय संस्कृति, कृषि एवं अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। गाय से प्राप्त दूध, गोबर और गौमूत्र किसानों के लिए अमृत समान हैं। गौ पालन से घरों में समृद्धि आती है और जैविक खेती को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने की अपील करते हुए कहा कि हमें नशे को त्यागकर गौ सेवा को अपनाना होगा, तभी एक स्वस्थ समाज का निर्माण सम्भव होगा। इस दौरान हर परिवार से कम से कम एक गाय पालने का आह्वान किया गया।
यह कार्यक्रम तहसील प्रभारी रूपेंद्र चंद्राकर की अगुवाई में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने गौ सम्मान हस्ताक्षर अभियान में अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर करने, जुडऩे और सहयोग करने की विन्रम अपील किया। समापन के मंगलमय अवसर पर सभी ग्रामीणों ने गौ संरक्षण, नशामुक्ति व प्रत्येक घर में गौ पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम सरपंच प्रतिनिधि लखन सिन्हा द्वारा उपस्थित सभी जनों का आभार प्रदर्शन किया गया। इस भव्य आयोजन में मुख्य रूप से पूर्व सरपंच गोल्डी वर्मा, गौ सेवक बादल देवांगन, सुंदर सिंह ठाकुर, मुन्ना यादव, रवि साहू, रपलडॉ. टीकम वर्मा, टोमन सतनामी,प्यारेलाल देवांगन, शांति बाई साहू, सरोज साहू सहित अधिक संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे।