गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 2 जुलाई। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार अलग-अलग मामलों में 81 किलो 374 ग्राम गांजा जब्त कर 9 अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत 40 लाख 68 हजार 700 रुपये बताई गई है। कार्रवाई में तस्करी में प्रयुक्त दो कार, दो मोटरसाइकिल तथा 13 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर थाना देवभोग, इंदागांव और पायलीखण्ड (जुगाड़) पुलिस द्वारा मुखबिर की सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर वाहन चेकिंग और घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी ओडिशा से गांजा खरीदकर छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों में बिक्री के लिए ले जा रहे थे।
देवभोग थाना क्षेत्र में अंतरराज्यीय चेकपोस्ट खुटगांव पर दो कारों की तलाशी के दौरान 48.300 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इंदागांव थाना पुलिस ने बिना नंबर की सीडी डीलक्स मोटरसाइकिल से 10 किलोग्राम गांजा बरामद कर राजस्थान निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं पायलीखण्ड (जुगाड़) थाना पुलिस ने अमाड़ तिराहा के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को पकड़ा। इनके कब्जे से तीन बैगों में 22.740 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। सभी आरोपी ओडिशा के रहने वाले हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।