गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
गरियाबंद, 2 जुलाई । कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में ई-फाइल प्रणाली अनिवार्य रूप से लागू हो चुकी है, इसलिए कार्यालयीन कार्य केवल ई-फाइल के माध्यम से ही किए जाएं।
कलेक्टर ने जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन को जन आंदोलन के रूप में संचालित करने पर जोर देते हुए तालाब, कुएं, चेकडैम सहित जल संरचनाओं के संरक्षण और मरम्मत कार्य में जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित कम वर्षा को देखते हुए कृषि विभाग को जैविक खेती तथा कम पानी वाली फसलों को बढ़ावा देने और किसानों को जल संरक्षण आधारित कृषि पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा। साथ ही मत्स्य पालन, डबरी एवं कुआं निर्माण तथा शत-प्रतिशत एग्रीस्टेक कार्य पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। बैठक में शिक्षा विभाग को विद्यालयों में नियमित शिक्षण व्यवस्था, नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत, मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता तथा कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षणिक सहयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 के लंबित प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण करने पर विशेष जोर देते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को चेतावनी दी।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने मानसून पर्यटन की समन्वित कार्ययोजना तैयार करने, पर्यटन स्थलों पर मूलभूत सुविधाएं विकसित करने तथा स्थानीय ग्रामीणों को होमस्टे संचालन के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय युवाओं और महिला स्व-सहायता समूहों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।