गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजिम, 2 जुलाई। भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय द्वारा सहकारिता मंत्रालय के गठन के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में सहकारिता सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के विभिन्न सहकारी समितियों में भी विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। राजिम प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति परिसर में ध्वजारोहण के साथ सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में सहकारिता गीत का सामूहिक गायन एवं कविता वाचन भी किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजिम समिति के अध्यक्ष एवं गरियाबंद जिला सहकारी समिति संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सोनकर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के बाद उन्होंने उपस्थित किसानों, समिति सदस्यों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सहकारिता आंदोलन की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सहकारिता की भावना ही किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और केंद्र तथा राज्य सरकारें इसी उद्देश्य से लगातार कार्य कर रही हैं।
श्री सोनकर ने कहा कि सरकार सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही किसानों को बिना ब्याज के उर्वरक (खाद) एवं कृषि उपयोगी दवाइयाँ भी उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे खेती की लागत कम हो रही है और किसानों को आर्थिक राहत मिल रही है। उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार सहकारिता के माध्यम से किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों पर भी अनुदान प्रदान कर रही है। ट्रैक्टर, जेसीबी, मोटर पंप, हार्वेस्टर सहित अन्य कृषि यंत्रों की खरीद पर किसानों को शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान का लाभ मिल रहा है। इन योजनाओं का उद्देश्य कृषि को आधुनिक बनाना, उत्पादन बढ़ाना तथा किसानों की आय में वृद्धि करना है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सहकारी समितियों से जुडक़र शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएँ। उन्होंने कहा कि सहकारिता केवल एक संस्था नहीं, बल्कि किसानों के आर्थिक, सामाजिक और कृषि विकास का सशक्त माध्यम है। सरकार की मंशा है कि प्रत्येक किसान तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सरलता के साथ पहुँचे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर समिति के प्रभारी व्यवस्थापक अमृत साहू, लोकनाथ साहू, मनीराम पटेल, सुरेंद्र साहू, सरोज पटेल, अमन सोनकर, मनोज पटेल सहित समिति के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने तथा किसानों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।