गरियाबंद

ग्रामसभा में बवाल : उपसरपंच से मारपीट, सरपंच पुत्र समेत 7 आरोपी गिरफ्तार
01-Jul-2026 6:19 PM
ग्रामसभा में बवाल : उपसरपंच से मारपीट, सरपंच पुत्र समेत 7 आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नवापारा-राजिम, 1 जुलाई। रायपुर जिले के नवापारा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जौंदी में ग्रामसभा की बैठक के दौरान उपसरपंच से मारपीट की गई। सरपंच पुत्र समेत सात लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्रता सूची से नाम हटाने को लेकर विवाद शुरू किया, जो मारपीट तक पहुंच गया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सरपंच पुत्र समेत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

जानकारी के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम पंचायत जौंदी में ग्रामसभा की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र हितग्राहियों की सूची पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान कुछ नाम सूची में शामिल नहीं होने को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। उपसरपंच पोखन लाल यदु ने शिकायत में आरोप लगाया है कि बैठक के दौरान उन पर पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हटाने का गलत आरोप लगाया गया। जब उन्होंने अपनी बात रखने का प्रयास किया तो सरपंच पुत्र टोमन लाल साहू सहित अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने उनका कॉलर पकडक़र गाली-गलौज की, सार्वजनिक रूप से मारपीट की और उनके कपड़े भी फाड़ दिए। इस घटना में उन्हें शारीरिक चोटें भी आईं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गोबरा नवापारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ईस्तगासा क्रमांक 93/150 के तहत धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में लेखराम साहू (37), अलखराम साहू (44), मिथिलेश कुमार साहू (43), बैतलराम साहू (32), प्रहलाद साहू (55), टोमन लाल साहू (43) तथा चिंतामणि साहू (45) निवासी ग्राम जौंदी शामिल हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय, अभनपुर में पेश किया। मामले की आगे की जांच जारी है।


अन्य पोस्ट