गरियाबंद
नवापारा-राजिम, 30 जून। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा 29 जून से 6 जुलाई तक सहकारिता सप्ताह मनाया जाना सुनिश्चित किया है, इसके तहत ग्रामीण सेवा सहकारी समिति नवापारा पंजीयन क्रमांक 742 कार्यालय परिसर में सहकारिता दिवस ध्वजा रोहण कर मनाया गया।
कार्यक्रम में सहकारिता के महत्व, किसानों की आर्थिक उन्नति तथा शासन की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सोसायटी अध्यक्ष छन्नूलाल साहू ने कहा कि वर्ष 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया। मंत्रालय के गठन के बाद सहकारिता क्षेत्र को नई दिशा मिली है और किसानों के सशक्तिकरण का एक नया अध्याय प्रारंभ हुआ है।
उन्होंने कहा कि सहकारी समितियां किसानों को खाद, बीज, ऋण सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी आय बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में भी छत्तीसगढ़ में सहकारिता को मजबूत करने और अधिक से अधिक किसानों को समितियों से जोडऩे का कार्य किया जा रहा है,ताकि प्रत्येक किसान शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। इस अवसर पर समिति प्रबंधक नूतन साहू, रंजीत,यादराम,विवेक देवांगन,सोनाई यादव,गायत्री बाई, गंगाराम देवांगन, राजू यादव,भँवर साहू सहित बड़ी संख्या कृषकगण उपस्थित हुए।