गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 29 जून। भारतीय जनता पार्टी (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) रायपुर जिला ग्रामीण द्वारा तामासिवनी मंडल के ग्राम बनचरौदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात सुनी गई। इस अवसर पर कार्यक्रम के साथ-साथ ग्रामीण विकास में योगदान देने वाले स्थानीय नागरिकों और शासन की योजनाओं के हितग्राहियों के लिए एक विशेष सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण क्षेत्र में निस्वार्थ सेवा देने वाली मितानिन दीदियों, महतारी वंदन योजना की लाभार्थी बहनों, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के हितग्राहियों और स्थानीय किसान भाइयों का शॉल व श्रीफल से सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से भाजपा झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक विकास अग्रवाल, मन की बात कार्यक्रम के प्रभारी कान्हा ठाकुर, रायपुर जिला ग्रामीण के प्रभारी मनोहर डाडेकर और किसान मोर्चा की प्रदेश सदस्य अंबिका सिंह ठाकुर उपस्थित रहीं। इनके साथ ही भाजपा मंडल अध्यक्ष निमित यादव, भरत पंसारी, देवनाथ साहू, डॉ. बलराम, घासीराम भारती, कार्तिक राजवंशी, घनश्याम साहू, गंगू राम साहू और रोशन साहू सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण व कार्यकर्ता उपस्थित थे।
इस कार्यक्रम का संचालन झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के संयोजक दयालु राम गाड़ा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार प्रदर्शन प्रकोष्ठ के सह-संयोजक कृष्ण कुमार साहू ने व्यक्त किया।—