गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 जून। ग्राम पंचायत सोनेसिली में लगभग 126 एकड़ शासकीय भूमि को स्थानीय प्रशासन और ग्रामवासियों के सहयोग से अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। इस भूमि को भविष्य की विभिन्न शासकीय और सार्वजनिक परियोजनाओं के लिए आरक्षित किया गया है, जिसके तहत पंचायत प्रस्ताव पारित कर भूमि का आवंटन अलग-अलग विभागों और कार्यों के लिए किया गया है।
ग्राम पंचायत से प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षित भूमि का वर्गीकरण इस प्रकार किया गया है-
पर्यावरण संरक्षण: पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 40 एकड़ भूमि वन विभाग को वृक्षारोपण के लिए हस्तांतरित की गई है।
जल संवर्धन: क्षेत्र में जल संरक्षण और भूजल स्तर को सुधारने के लिए 14 एकड़ भूमि पर तालाब निर्माण प्रस्तावित है।
खेलकूद: स्थानीय युवाओं और खेल गतिविधियों के प्रोत्साहन के लिए 10 एकड़ भूमि को खेल मैदान हेतु सुरक्षित किया गया है।
सामुदायिक भवन: भक्त माता कर्मा समिति के सामाजिक व सामूहिक आयोजनों के लिए 3 एकड़ भूमि पर भवन निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
पशुधन संरक्षण: शेष बची शासकीय भूमि को स्थानीय मवेशियों के लिए चारागाह के रूप में सुरक्षित रखा गया है।
सीपीटी नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ
ग्राम पंचायत के इसी प्रस्ताव के आधार पर, शासकीय भूमि की सुरक्षा और जल निकासी की सुचारू व्यवस्था के लिए महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत सीपीटी (कंटूर ट्रेंच) नाली निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। निर्माण कार्य की शुरुआत पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर की गई। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच अजय कुमार साहू, उप-सरपंच ताराचंद साहू सहित समस्त पंचायत प्रतिनिधि, विभागीय कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित थे।