गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नवापारा-राजिम, 28 जून। नगर के शासकीय स्वास्थ्य एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में शून्य से पांच वर्ष के बच्चों को पोलियो से बचाव के लिए पोलियो रोधी खुराक पिलाई गई। नगर के वार्ड क्रमांक 20 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में नपा उपाध्यक्ष भूपेंद्र सोनी एवं भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य योगिता सिन्हा ने बच्चों को दो बूंद पोलियो की खुराक पिलाकर राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।
उक्त अवसर पर नपा अध्यक्ष भूपेंद्र सोनी ने कहा कि भारत में पल्स पोलियो अभियान आधिकारिक रूप से वर्ष 1995 से आरम्भ की गई थी। विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ, स्वास्थ्य विभाग एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के निरंतर पल्स पोलियो महाभियान के प्रभावी प्रयास से भारत पोलियो मुक्त हो चुका है। किंतु अब भी वर्ष में दो बार बच्चों को पोलियो रोधी खुराक पिलाई जा रही है।
प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को प्राप्त करने के उद्देश्य से पल्स पोलियो कार्यक्रम में सभी की सहभागिता आवश्यक है। भारत पोलियो जैसे गंभीर बीमारी से भारत निजात पा चुका है। किंतु पोलियो भारत में फिर न पनपे, इसके लिए पोलियो की खुराक अनिवार्य है।
स्वस्थ एवं सुरक्षित भारत से विकसित भारत का सपना अवश्य पूरा होगा।
राष्ट्रव्यापी महाभियान पल्स पोलियो कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सहायिका ललिता सेन, बड़ी संख्या में बच्चे एवं अभिभावकों की उपस्थिति रही।