गरियाबंद

संविधान हत्या दिवस पर सम्मेलन, मीसा बंदियों का सम्मान
27-Jun-2026 9:00 PM
संविधान हत्या दिवस पर सम्मेलन, मीसा बंदियों का सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 27 जून। भारतीय जनता पार्टी जिला गरियाबंद द्वारा आपातकाल की 51वीं बरसी पर ग्राम पंचायत कुरूद में एक सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान मीसा बंदियों तथा उनके परिजनों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता और प्रांत सहसंयोजक (कुटुंब प्रबोधन) गिरीश उपासने ने आपातकाल के दौर का उल्लेख करते हुए कहा, 25 जून 1975 का दिन देश के लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है। उस समय कई राजनीतिक कार्यकर्ताओं, नेताओं और नागरिकों को मीसा कानून के तहत हिरासत में लिया गया था, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सीमाएं तय की गईं और समाचार पत्रों पर सेंसरशिप लागू हुई थी। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष करने वाले नागरिकों के योगदान को रेखांकित किया।

सरकार लोकतंत्र सेनानियों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध- सांसद

महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले नागरिकों का सम्मान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार लोकतंत्र सेनानियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है और उनके इस योगदान को विधिक और प्रशासनिक स्तर पर स्मरण रखा जाएगा। उन्होंने युवाओं से भी देश के संवैधानिक मूल्यों के प्रति सजग रहने की अपील की। पूर्व सांसद चंदूलाल साहू ने ऐतिहासिक संदर्भों का हवाला देते हुए कहा कि वर्ष 1975 में तत्कालीन परिस्थितियों के कारण देश पर आपातकाल लागू किया गया था, जिससे नागरिक अधिकारों पर प्रभाव पड़ा। उन्होंने इस घटनाक्रम से आने वाली पीढिय़ों को सीख लेने की बात कही।

नई पीढ़ी को जागरूक करना उद्देश्य-अनिल चंद्राकर

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने कहा कि संगठन प्रत्येक वर्ष इस दिवस को संविधान हत्या दिवस के रूप में आयोजित करता है, ताकि नई पीढ़ी को देश के राजनीतिक और लोकतांत्रिक इतिहास के उतार-चढ़ाव की जानकारी मिल सके। पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय और जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने भी मीसा बंदियों के प्रति अपना सम्मान व्यक्त किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री चंद्रशेखर साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक मुरलीधर सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष प्रीतम सिन्हा, कोषाध्यक्ष अजय रोहरा, जिला मंत्री सुरेंद्र सोनटेके, गरियाबंद नगर पालिका अध्यक्ष रिखीराम यादव, कोपरा नगर पंचायत अध्यक्ष रूपनारायण साहू, छुरा नगर पंचायत अध्यक्ष लुकेश्वरी निषाद सहित मंडल अध्यक्ष सुमित पारख, धनराज विश्वकर्मा, गोपी ध्रुव, हेमंत सिन्हा और बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीण उपस्थित थे। कार्यक्रम के समापन पर संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के प्रति सजगता का संकल्प लिया गया।


अन्य पोस्ट