गरियाबंद

रासायनिक खाद से बढ़ रहा है कैंसर का खतरा-नेहरू राम
25-Jun-2026 6:54 PM
रासायनिक खाद से बढ़ रहा है कैंसर का खतरा-नेहरू राम

जैविक कृषि कार्यशाला आयोजित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मैनपुर, 25 जून। स्थानीय कृषि विज्ञान केंद्र में मंगलवार को ‘जैविक खेती कार्यशाला ’ एवं  ‘खेती बचाओ अभियान’ का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर, भंडार गृह निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद, पूर्व विधायक संतोष उपाध्याय, प्रथम जिला अध्यक्ष श्वेता शर्मा, जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, प्रदेश मंत्री देवेंद्र सिंह ठाकुर और किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष हलमन ध्रुवा सहित अन्य अतिथियों द्वारा भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने रासायनिक खादों और कीटनाशकों के बढ़ते उपयोग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, दशकों पहले कृषि में पारंपरिक गोबर व केंचुआ खाद का अधिक प्रयोग होता था। वर्तमान में उत्पादन बढ़ाने की होड़ में प्रति एकड़ पैदावार तो बढ़ी है, लेकिन इसके साथ ही खाद्यान्न में रसायनों की मात्रा भी बढ़ रही है, जो जनस्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है। इस समस्या का एकमात्र विकल्प जैविक कृषि की ओर लौटना है।

पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद ने पंजाब और अन्य कृषि प्रधान क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए कहा कि अत्यधिक रासायनिक खादों के उपयोग के कारण उन क्षेत्रों में गंभीर बीमारियां और कैंसर के मामले बढ़े हैं।

उन्होंने कहा, आज छत्तीसगढ़ में भी ऐसे लोग अस्वस्थ हो रहे हैं जो किसी प्रकार का नशा नहीं करते। इसका मुख्य कारण भोजन के माध्यम से शरीर में पहुँचने वाले रासायनिक तत्व हैं। भूमि की उपजाऊ क्षमता बनाए रखने और मानव स्वास्थ्य की रक्षा के लिए जैविक कृषि को अपनाना आवश्यक है।

भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने भी किसानों से अपील की कि वे रासायनिक खादों पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक तरीकों से फसलें उगाएं, जिससे भूमि की सेहत दीर्घकाल तक सुरक्षित रह सके।


अन्य पोस्ट