गरियाबंद

जल जीवन मिशन के अपूर्ण कार्यों को जल्द पूरा करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई -कलेक्टर
25-Jun-2026 3:55 PM
जल जीवन मिशन के अपूर्ण कार्यों को जल्द पूरा करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई -कलेक्टर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 25 जून।  कलेक्टर एवं जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष  बी.एस. उइके ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में जल जीवन मिशन के तहत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों और ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अपूर्ण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

जिला जल एवं  स्वच्छत मिशन  के समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में संचालित एकल एवं समूह नल जल योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने पानी टंकी निर्माण, नल कनेक्शन, विद्युत कनेक्शन सहित अन्य अधूरे कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ऊर्जा विभाग और क्रेडा के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।

कलेक्टर श्री उइके ने स्पष्ट कहा कि जल जीवन मिशन केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जनहित के इस कार्य को मिशन मोड में पूरा करने तथा प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने की जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए।

बैठक में हर घर जल प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा पूर्ण हो चुकी नल जल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने उपयंत्रियों की टीम गठित कर ग्रामवार कार्यों की अद्यतन भौतिक स्थिति का निरीक्षण करने को कहा।

उन्होंने अधूरी पानी टंकियों के निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ कराने तथा कार्य में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रखर चंद्राकर, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता विप्लव घृतलहरे सहित विभागीय अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट