गरियाबंद

चीतल का शिकार, 2 आरोपी बंदी
25-Jun-2026 3:19 PM
चीतल का शिकार, 2 आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

गरियाबंद, 25 जून। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व की एंटी पोचिंग टीम ने वन्यजीव शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम अमाड़ (उदंती कोर क्षेत्र) में चीतल के शिकार के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के घरों से चीतल के मांस, खून से सने तीर, फंदे, मयूर एवं बाज के पंख सहित शिकार में उपयोग होने वाली कई सामग्री बरामद की गई है।

     उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के अधिकारियों को 21 जून को गोपनीय सूचना मिली थी कि ग्राम अमाड़ में वन्यप्राणी का शिकार किया गया है। इसके बाद गठित एंटी पोचिंग टीम, डॉग स्क्वाड तथा वन परिक्षेत्र उत्तर उदंती (मैनपुर) के कर्मचारियों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नरेश कुमार भुजिया और बालाराम सोरी के घरों की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान टीम को टिफिन में रखा चीतल के मांस का पकाया हुआ हिस्सा, चार खून से सने तीर, पांच खरगोश फंदे, सात मयूर पंख, चार बाज के पंख, दो धनुष, दो गुलेल सहित अन्य शिकार सामग्री मिली। दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए वन परिक्षेत्र कार्यालय मैनपुर लाया गया।

पूछताछ में आरोपी नरेश कुमार ने 17 जून को तारीपानी घाट क्षेत्र में तीर-धनुष से चीतल का शिकार करना स्वीकार किया। इसके बाद टीम ने आरोपी की निशानदेही पर शिकार स्थल की पहचान की। मामले में नरेश कुमार  एवं बालाराम सोरी निवासी ग्राम अमाड़, के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला एवं अपर सत्र न्यायालय गरियाबंद में प्रस्तुत किया गया। वहीं जब्त चीतल के मांस के नमूनों को फोरेंसिक जांच के लिए स्कूल ऑफ वाइल्डलाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ, जबलपुर भेजा गया है।

यह कार्रवाई वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन तथा उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व के निदेशक गुरुनाथन एन. के निर्देशन में संपन्न हुई। कार्रवाई में सहायक संचालक गोपाल कश्यप, परिक्षेत्र अधिकारी ज्योति ध्रुव, परिक्षेत्र सहायक पुनाराम साहू सहित एंटी पोचिंग टीम, वन अमला एवं डॉग स्क्वाड ‘टीना’ की विशेष भूमिका रही। उपनिदेशक, उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


अन्य पोस्ट