गरियाबंद

लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई -कलेक्टर
24-Jun-2026 3:26 PM
लंबित प्रकरणों का जल्द निराकरण करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई -कलेक्टर

गरियाबंद, 24 जून। कलेक्टर बी.एस. उइके की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभाकक्ष में समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी  प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर  पंकज डाहिरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान केंद्र एवं राज्य शासन की प्राथमिकता वाले मामलों तथा विभिन्न आवेदनों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्री उइके ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लंबित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए, अन्यथा संबंधित विभागीय अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय सचिव को कार्रवाई हेतु पत्र भेजा जाएगा।

बैठक में सीपीग्राम में लंबित शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने नियद नेल्लानार योजना, पटवारी ऋ ण पुस्तिकाओं के डिजिटाइजेशन तथा विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान कार्ड निर्माण एवं महतारी वंदन योजना के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया। शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यार्थियों के बायोमेट्रिक अपडेट कार्य को शीघ्र पूरा करने तथा आकांक्षी विकासखंडों के स्कूलों में पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का शत-प्रतिशत विकास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य एवं कृषि विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान नैनो यूरिया के उपयोग को बढ़ावा देने, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस), बारदाना प्रबंधन तथा खरीफ सीजन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।

कलेक्टर श्री उइके ने सभी विभागों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण तथा जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।


अन्य पोस्ट