गरियाबंद

संगम राजिम धाम के नाम से जिला बनाया जाए-लाला साहू
23-Jun-2026 3:52 PM
संगम राजिम धाम के नाम से जिला बनाया जाए-लाला साहू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजिम, 23 जून। साहू समाज राजिम भक्तिन माता समिति के अध्यक्ष लाला साहू ने कहा कि देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी विख्यात,भगवान श्री राजीवलोचन की धर्मनगरी, भक्त शिरोमणि राजिम भक्तिन माता की कर्मभूमि तथा कल्प कुम्भ के नाम से प्रसिद्ध धार्मिक-सांस्कृतिक नगरी श्री संगम राजिम धाम को जिला बनाया जाना चाहिए।

राजिम नगर में वर्ष भर देश-विदेश से श्रद्धालुओं का निरंतर आगमन होता है। विशेष रूप से अस्थि-विसर्जन एवं धार्मिक अनुष्ठानों के लिए दूर-दराज़ क्षेत्रों से लोग यहाँ पहुँचते हैं। यह पवित्र त्रिवेणी संगम धाम पाँचवाँ कुम्भ (कल्प कुम्भ) के रूप में भी जाना जाता है तथा सामाजिक, धार्मिक, राजनीतिक,भौगोलिक एवं प्रशासनिक सभी दृष्टियों से जिला बनने की पूर्ण योग्यता रखता है। अविभाजित मध्यप्रदेश में जब वर्ष 1996-97 में जिलों का गठन किया जा रहा था, उसी समय से राजिम को जिला बनाए जाने की माँग स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्रीय जनता द्वारा निरंतर उठाई जाती रही है।

बाद में जब तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा धमतरी और महासमुंद को जिला बनाया गया। तब राजिम को धमतरी जिले में सम्मिलित कर दिया गया। उस समय भी राजिम को पृथक जिला बनाए जाने की माँग खासकर छात्र नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिवक्ता संघ, व्यापारी संघ तथा भाजपा एवं कांग्रेस दोनों दलों के नेताओं द्वारा जोर-शोर से उठाई गई थी, किंतु दुर्भाग्यवश इस जनहितकारी माँग पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।


अन्य पोस्ट