गरियाबंद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरुद, 22 जून। नगर पंचायत भखारा-भठेली में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं बैंकिंग सेवाओं से संबंधित जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने किसानों एवं हितग्राहियों को योजना की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों के आवेदन पत्रों की जांच कर पांच हितग्राहियों के ऋण प्रकरण तत्काल स्वीकृत किया गया।
सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति हरख जैन ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना हमारी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने किसानों एवं हितग्राहियों से योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आग्रह किया।
इस मौके पर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक हर्ष यदु, बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा प्रबंधक सौम्या राऊत एवं सेंट्रल बैंक प्रतिनिधि तरुण चंद्राकर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, बैंक ऋण, ई-केवाईसी, आधार सीडिंग तथा विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी हरिकिशन पाँवरिया ने बैंक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से आमजन को योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त होती है तथा पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिलना सुनिश्चित होता है। उन्होंने शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विष्णु साहू, पार्षद छबिलाल निर्मलकर, भूपेंद्र यादव, सुदर्शन चंदेल, संजय साहू, भुनेश्वर साहू, शेखर सिन्हा, मीना निषाद सहित निकाय कर्मी एवं नागरिक उपस्थित थे।